katniमध्यप्रदेश

गोविंदा आला रे आला ‘जय हो नंदलाल की’ के जयघोष से गूंजा कटनी, दधिकांदो महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

गोविंदा आला रे आला ‘जय हो नंदलाल की’ के जयघोष से गूंजा कटनी, दधिकांदो महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैला

कटनी। ‘जय हो नंदलाल की’, ‘आला रे गोविंदा आला रे’ के गगनभेदी जयघोष से रविवार को शहर का वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की श्रृंखला में आयोजित दधिकांदो महोत्सव में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। श्री बधाई उत्सव कमेटी के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव की शुरुआत श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में विधिवत पूजन एवं महाआरती के साथ हुई। इसके बाद आकर्षक साज-सज्जा से सुसज्जित भव्य शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से निकली। जगह-जगह मटकी फोड़ने की होड़ और गोविंदा टोलियों के उत्साह ने माहौल को रोमांच से भर दिया।

शोभायात्रा में दिखी धर्म और संस्कृति की झलक

श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से प्रारंभ हुई शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। इसमें जालपा भगत मंडली की महाआरती, नवीन ग्रुप सागर की मातृशक्ति द्वारा व्यायाम प्रदर्शन, मेरठ की पूतना वध नृत्य झांकी, छिंदवाड़ा के महाकाल ग्रुप की प्रस्तुति तथा जबलपुर की प्रीति सरगम सिंह एवं माइकल म्युजिकल ग्रुप द्वारा प्रस्तुत श्याम भजनों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

मटकी फोड़ने में गोविंदाओं ने दिखाया दमखम

महोत्सव के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर मटकियां एवं वंदनवार बांधे गए। लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर, साईं फ्रेंड्स क्लब, घंटाघर मैदान, गर्ग चौराहा, हीरागंज, वेंकटेश मंदिर, गजानन टॉकीज चौराहा, गोल बाजार, सुभाष चौक और दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर सहित अनेक स्थानों पर गोविंदा टोलियों ने मटकी फोड़ने का प्रयास किया। विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली गोविंदा टोलियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। श्रद्धालुओं ने ग्वालों पर दही-मक्खन लुटाकर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की परंपरा को जीवंत किया।

शहरभर में हुआ भव्य स्वागत, जगह-जगह बंटा प्रसाद

शोभायात्रा के मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने स्वागत मंच लगाए। श्री गहोई वैश्य समाज, श्री पुरवार मंडल, राष्ट्रीय यादव संघ, गायत्री योग अनुसंधान केन्द्र, सिंधु नौजवान मंडल, वैष्णव मंडल, ब्राह्मण समाज, कटनी टेंट एंड लाइट एसोसिएशन, हीरागंज व्यापारी संघ, सब्जी-फल विक्रेता संघ एवं मेन रोड व्यापारी संघ सहित अनेक संस्थाओं ने शोभायात्रा का स्वागत कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

महोत्सव में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मार्गों एवं आयोजन स्थलों पर पुलिस जवानों की तैनाती रही। पुलिस की मुस्तैदी और आयोजकों की व्यवस्थाओं के चलते शोभायात्रा शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

Back to top button