Site icon YASHBHARAT.COM

कटनी के विकास में एक और बड़ा कदम:झिंझरी बस स्टैंड में 1.15 करोड़ की लागत से बनेंगी 24 आधुनिक दुकानें,महापौर प्रीति सूरी ने किया भूमिपूजन, व्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

IMG 20261121 WA0044

कटनी के विकास में एक और बड़ा कदम:झिंझरी बस स्टैंड में 1.15 करोड़ की लागत से बनेंगी 24 आधुनिक दुकानें,महापौर प्रीति सूरी ने किया भूमिपूजन, व्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ाव

 

व्यापारियों को मिलेगा स्थायी स्थान, यात्रियों को मिलेंगी आवश्यक सुविधाएं, बस स्टैंड परिसर का होगा व्यवस्थित विकास

 

कटनी (17 नवंबर)।नगर की व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और शहर को संवारने के संकल्प के साथ महापौर प्रीति संजीव सूरी निरंतर आगे बढ़ रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को महाराणा प्रताप वार्ड स्थित झिंझरी बस स्टैंड परिसर में लगभग 1 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 24 नवीन व्यावसायिक दुकानों का विधिवत भूमिपूजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। महापौर श्रीमती सूरी ने जनप्रतिनिधियों के साथ पूजा-अर्चना कर इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की नींव रखी। यह कदम न केवल बस स्टैंड क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी सृजित करेगा।

 

इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य तुलसा गुलाब बेन, डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद रेखा तिवारी, शकुंतला सोनी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, सहायक यंत्री सुनील सिंह सहित अन्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

 

आधुनिक दुकानों से सुसज्जित होगा झिंझरी बस स्टैंड

 

प्रस्तावित निर्माण कार्य पूर्ण होने से झिंझरी बस स्टैंड परिसर में व्यापारिक गतिविधियों को व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा। 24 नवीन दुकानों के निर्माण से स्थानीय व्यापारियों एवं युवाओं को व्यवसाय स्थापित करने के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा। वहीं, बस स्टैंड आने-जाने वाले यात्रियों को खान-पान, जलपान एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। दुकानों के व्यवस्थित निर्माण से बस स्टैंड परिसर का सौंदर्यीकरण भी होगा तथा आसपास की व्यावसायिक गतिविधियों को बेहतर स्वरूप मिल सकेगा।

 

**व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के साथ सुविधाओं का होगा विस्तार*

 

भूमिपूजन के पश्चात कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के सभी क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के साथ ही नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। झिंझरी बस स्टैंड में 24 नवीन दुकानों का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ बस स्टैंड परिसर भी अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनेगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में प्रत्येक वार्ड की सहभागिता महत्वपूर्ण है और नगर निगम द्वारा जनहित एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। कार्य के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि नागरिकों एवं व्यापारियों को इसका बेहतर लाभ मिल सके।

 

इस अवसर पर स्थानीय पार्षद ने झिंझरी बस स्टैंड परिसर में 24 नवीन दुकानों के निर्माण की स्वीकृति एवं भूमिपूजन के लिए महापौर श्रीमती सूरी तथा नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस निर्माण कार्य से क्षेत्र के व्यापारियों को बेहतर व्यावसायिक अवसर मिलेंगे और बस स्टैंड परिसर को व्यवस्थित स्वरूप प्राप्त होगा। वार्ड के विकास एवं नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए इस महत्वपूर्ण कार्य को स्वीकृति प्रदान करने के लिए उन्होंने महापौर का धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने झिंझरी बस स्टैंड परिसर में 24 नवीन दुकानों के निर्माण को व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा क्षेत्र के व्यवस्थित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Exit mobile version