अवैध रूप से गैस सिलिंडर डंप और सप्लाई करने पर प्रशासन की कार्रवाई, 100 सिलिंडर जब्त,बरगवां में यादव गैस एजेंसी के दो ठिकानों पर दी दबिश, एक अवैध गोदाम को किया सी
कटनी। पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और गैस सिलिंडरों के अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम लगातार जांच और कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार को टीम ने बरगवां क्षेत्र में संचालित यादव गैस एजेंसी के दो ठिकानों पर दबिश देकर जांच की। कार्रवाई के दौरान वाहन सहित 100 खाली और भरे गैस सिलिंडर जब्त किए गए, वहीं एक अवैध गोदाम को सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, टीम को बरगवां क्षेत्र में संदीप यादव की यादव गैस एजेंसी द्वारा काफी हाउस के पीछे खदान के पास अवैध रूप से गैस सिलिंडर डंप कर सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में सामने आया कि आवश्यक स्वीकृति नहीं होने के बावजूद उक्त स्थान से गैस सिलिंडरों की सप्लाई की जा रही थी। इस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से वाहन सहित 100 खाली एवं भरे सिलिंडर जब्त किए। इसके बाद संयुक्त टीम बारडोली कॉलेज के पीछे दानव बाबा के पास स्थित गोदाम की जांच करने पहुंची। यहां भी वाहन और गैस सिलिंडर रखे हुए पाए गए। हालांकि, कार्रवाई की सूचना मिलने के बावजूद एजेंसी संचालक मौके पर उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने गोदाम को अवैध रूप से संचालित पाए जाने पर सील कर दिया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान तहसीलदार आकाश नीरज, खाद्य निरीक्षक सुनील किरार, यज्ञदत्त त्रिपाठी, नागेश्वर श्रीवास सहित रंगनाथ नगर थाना पुलिस का बल मौजूद रहा।















