कटनी: तेवरी और स्लीमनाबाद में अवैध धान भंडारण पर कार्रवाई, 2,067 क्विंटल से अधिक धान जब्त
कटनी: समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन शुरू होने से पहले ही जिले में अवैध धान भंडारण और बिक्री पर प्रशासन की सख्ती जारी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दल और अधिकारियों ने सोमवार को तेवरी और स्लीमनाबाद में निरीक्षण कर कुल 2,067.32 क्विंटल धान जब्त की है।
कहां और क्या कार्रवाई हुई?
ग्राम तेवरी (असाटी किराना स्टोर): तहसीलदार स्लीमनाबाद आकाशदीप नामदेव के नेतृत्व में टीम ने गोदामों का औचक निरीक्षण किया, जहां 195.32 क्विंटल धान मिली। ई-अनुज्ञा पोर्टल पर केवल 105.25 क्विंटल का वैध स्टॉक दर्ज पाया गया। स्टॉक में अंतर मिलने पर पूरी 195.32 क्विंटल धान जब्त कर ली गई।
स्लीमनाबाद (श्री हर्ष ट्रेडिंग कंपनी): फर्म के तीन गोदामों की जांच में 1,872 क्विंटल धान भंडारित मिली, जबकि ई-अनुज्ञा पोर्टल पर 2,124 क्विंटल का स्टॉक दर्ज था। रिकॉर्ड और भौतिक स्टॉक में अंतर के चलते गोदामों में मौजूद पूरी धान आगामी आदेश तक जब्त कर ली गई।
आगे की कार्रवाई और पिछली जब्ती
- प्रशासन के अनुसार, मामलों की विस्तृत जांच के बाद कृषि उपज मंडी समिति, कटनी द्वारा नियमानुसार दांडिक कार्रवाई की जाएगी।
- इस कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार राजकुमार नामदेव, सहायक आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी तथा मंडी उपनिरीक्षक सुधीर त्रिपाठी व प्रशांत मौर्य मौजूद रहे।
- इससे पहले भी कटनी-जबलपुर बायपास से लगभग 300 क्विंटल और मोहास से करीब 200 क्विंटल अवैध धान जब्त कर दांडिक शुल्क वसूला जा चुका है।स्लीमनाबाद












