Latest

Accident in Kanpur: कानपुर में बस व टैंपो में भिड़ंत में 17 की मौत, PM मोदी व CM योगी ने जताया शोक

कानपुर। कानपुर में मंगलवार की रात बेहद अमंगलकारी साबित हो गई। यहां पर सचेंडी में किसान नहर के पास बड़े सड़क हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई है। यह संख्या बढ़ भी सकती है।

कानपुर नगर के सचेंडी थाने के पास कानपुर-इटावा हाईवे पर गदनखेड़ा गांव के सामने बेकाबू बस गलत दिशा से आ रही टेंपो को रौंदती हुई पास ही गड्ढे में पलट गई। इन दोनों ही गाडिय़ों में क्षमता से अधिक सवारियां भरी थीं।

मंगलवार रात करीब सवा आठ बजे हुए हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 18 लोग घायल हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर है। सभी मृतक लाल्हेपुर व ईश्वरीगंज के रहने वाले थे। इस हादसे के बाद बस के चालक और कंडक्टर दोनों भाग निकले। देर रात कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

इस दुर्घटना की सूचना पर आईजी मोहित अग्रवाल, एसपी आउटर अष्टभुजा प्रसाद सहित उच्चाधिकारी मौके पर हैं। घायलों को एलएलआर (हैलट) अस्पताल भेजा गया है। यहां के लाला लाजपत अस्पताल में 21 लोगों को लाया गया है। इन सभी में 17 की मौत हो गई है, जबकि चार की हालत बेहद गंभीर हैं।

Back to top button