शौच का कहकर निकले युवक ने पेड़ से लटकी फांसी, घर से 100 मीटर दूर मिला शव
भिंड: अटेर थाना क्षेत्र के बसवाह का पुरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के ही 25 वर्षीय युवक कृष्णा बघेल पुत्र कोमल सिंह बघेल का शव घर से महज 100 मीटर की दूरी पर एक पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सुबह घर से निकला था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्णा गुरुवार सुबह परिजनों से फ्रेश (शौच) होने जाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटा, तो स्वजनों को चिंता हुई और उन्होंने गांव आसपास उसकी तलाश शुरू की।
ग्रामीणों ने देखा फंदे से लटका शव
दोपहर के समय गांव के कुछ लोगों ने घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक पेड़ पर कृष्णा का शव फंदे से लटका हुआ देखा। ग्रामीणों ने बिना देर किए तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे, जहां युवक को मृत देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शौच का कहकर निकले युवक ने पेड़ से लटकी फांसी, घर से 100 मीटर दूर मिला शव












