झाड़ियों में छिपाकर रखा था 558 पाव शराब का जखीरा नाबालिग के कब्जे से 104 लीटर अवैध देशी शराब जब्त, कीमत करीब 50 हजार रुपये

झाड़ियों में छिपाकर रखा था 558 पाव शराब का जखीरा
नाबालिग के कब्जे से 104 लीटर अवैध देशी शराब जब्त, कीमत करीब 50 हजार रुपय
कटनी। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 16 वर्षीय विधि-विरुद्ध कार्य करने वाले बालक के कब्जे से 558 पाव अवैध देशी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 104 लीटर और अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की शाम कोतवाली पुलिस की टीम नई बस्ती क्षेत्र में पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान शाम करीब 6:45 बजे बधवा गली के पास झाड़ियों में एक लड़का संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर उसके घबराने पर टीम ने पूछताछ की। झाड़ियों में उसके पास तीन बड़ी प्लास्टिक की बोरियां और एक थैला रखा मिला।
संदेह के आधार पर स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में बोरियों और थैले की तलाशी ली गई। इनमें 180 एमएल की कुल 558 पाव देशी प्लेन एवं मसाला शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर बालक को अभिरक्षा में लिया। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 1121/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि नई बस्ती क्षेत्र में नाबालिगों के माध्यम से अवैध शराब के विक्रय की सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद मुखबिर तंत्र सक्रिय कर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई थी। कार्रवाई में निरीक्षक राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी खिरहनी उपनिरीक्षक किशोर द्विवेदी सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






