25 आर्म्स एक्ट के मामले पर पुलिस और युवक आमने-सामने, ASI पर ₹36 हजार वसूलने का आरोप,शेख रहीस ने एसपी कार्यालय पहुंचकर की शिकायत, ASI केवल उईके और पुलिसकर्मी अजय सिंह पर झूठे केस में फंसाने का लगाया आरोप; सीएम हेल्पलाइन में शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने का भी दावा

20261031 171458 scaled

25 आर्म्स एक्ट के मामले पर पुलिस और युवक आमने-सामने, ASI पर ₹36 हजार वसूलने का आरोप,शेख रहीस ने एसपी कार्यालय पहुंचकर की शिकायत, ASI केवल उईके और पुलिसकर्मी अजय सिंह पर झूठे केस में फंसाने का लगाया आरोप; सीएम हेल्पलाइन में शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने का भी दाव

 

कटनी। एनकेजे थाना पुलिस की कार्रवाई को लेकर एक युवक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। युवक ने थाना एनकेजे में पदस्थ एएसआई केवल उईके और पुलिसकर्मी अजय सिंह पर झूठे 25 आर्म्स एक्ट के मामले में फंसाने, जबरन 36 हजार रुपये वसूलने और शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, इस शिकायत के सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई और युवक के आरोपों को लेकर मामला चर्चा में है।

 

शिकायतकर्ता शेख रहीस पिता जान मोहम्मद, निवासी ग्राम पिपरिया (हिरवारा) के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल की मरम्मत कराने गाताखेड़ा स्थित कादरी ऑटो पार्ट्स की दुकान पहुंचा था। इसी दौरान एनकेजे थाने में पदस्थ एएसआई केवल उईके और पुलिसकर्मी अजय सिंह वहां पहुंचे और उससे मोबाइल दिखाने को कहा। युवक का आरोप है कि मोबाइल छीनकर दोनों पुलिसकर्मी उसे थाने ले जाने के बजाय एक निजी कमरे में ले गए।

 

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वहां उससे कोरे कागजों पर जबरन हस्ताक्षर कराए गए और जेब में रखे छह हजार रुपये ले लिए गए। इसके बाद 30 हजार रुपये और मंगाने का दबाव बनाया गया। युवक के मुताबिक, उसने अपने मित्र शिवम कोल से 30 हजार रुपये मंगवाकर पुलिसकर्मियों को दिए। इस तरह कुल 36 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया गया है।

इसे भी पढ़ें-  राम दरबार ग्रुप ने भजन-कीर्तन, दीपदान और गरबा उत्सव का किया आयोजन

 

बका बरामदगी की कार्रवाई को बताया सुनियोजित

 

शेख रहीस ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि रुपये लेने के बाद दोनों पुलिसकर्मी उसे पड़रिया नदी के पास लाइन किनारे ले गए। वहां दो अन्य व्यक्तियों को बुलाया गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उसके पीछे पेंट में बका रखवाया और फिर तलाशी की कार्रवाई करते हुए उसी बका को बरामद दिखाकर उसके खिलाफ 25 आर्म्स एक्ट का मामला तैयार किया। युवक ने इसे सुनियोजित तरीके से फंसाने की कार्रवाई बताया है।

 

अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद एसपी से लगाई गुहार

 

शिकायतकर्ता के अनुसार, 20 अक्टूबर को समाचार पत्र में उसके विरुद्ध बका रखने के मामले में पुलिस कार्रवाई की खबर प्रकाशित हुई। इसके बाद उसने पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की। युवक का यह भी आरोप है कि उसने सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद शिकायत वापस लेने के लिए उस पर दबाव बनाया जा रहा है और गंभीर मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं।

 

अब जांच और पुलिस का पक्ष अहम

 

28 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक के नाम दिए गए आवेदन में शेख रहीस ने एएसआई केवल उईके और पुलिसकर्मी अजय सिंह के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई करने, कथित तौर पर लिए गए 36 हजार रुपये वापस दिलाने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

 

मामले में लगाए गए सभी आरोप फिलहाल शिकायतकर्ता के आवेदन पर आधारित हैं। पुलिसकर्मियों का पक्ष और विभागीय जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और जांच में युवक के आरोपों की पुष्टि होती है या नहीं।