बिना नंबर की स्विफ्ट कार से 10 पेटी अवैध शराब जब्त, एक गिरफ्तार; दो आरोपी फरार कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख की कार समेत 10.55 लाख रुपये का माल जब्त

बिना नंबर की स्विफ्ट कार से 10 पेटी अवैध शराब जब्त, एक गिरफ्तार; दो आरोपी फरार

कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख की कार समेत 10.55 लाख रुपये का माल जब्

कटनी। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की स्विफ्ट कार से 10 पेटी (500 पाव/90 लीटर) अवैध देशी मसाला शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि इस मामले के दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने करीब 55 हजार रुपये मूल्य की शराब और लगभग 10 लाख रुपये कीमत की कार जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, 2 अगस्त को कोतवाली पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाबाघाट स्थित नई रेलवे लाइन पुल के नीचे बिना नंबर की एक स्विफ्ट कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली। पुलिस ने वाहन की जांच की तो उसमें बैठे युवक ने अपना नाम करण निषाद (23) निवासी आधारकाप शंकर मंदिर के पास, कटनी बताया।

पूछताछ के दौरान आरोपी वाहन और उसमें रखे सामान के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका तथा वहां से निकलने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने कार की डिग्गी की तलाशी ली, जिसमें 10 कार्टून मिले। प्रत्येक कार्टून में 180 एमएल के 50-50 पाव देशी मसाला शराब रखी थी। इस प्रकार कुल 500 पाव (90 लीटर) अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 55 हजार रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी करण निषाद ने पुलिस को बताया कि यह शराब गणेश निषाद निवासी भट्टा मोहल्ला के कहने पर दुर्गा चौक स्थित शासकीय अंग्रेजी शराब दुकान के पीछे से दुकान की देखरेख करने वाले मनोज शिवहरे उर्फ मामा ने वाहन में रखवाई थी। उसे उक्त शराब निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के लिए कहा गया था, लेकिन पता स्पष्ट नहीं होने के कारण वह बाबाघाट के पास सड़क किनारे खड़ा होकर इंतजार कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी करण निषाद, गणेश निषाद और मनोज शिवहरे उर्फ मामा के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 842/2026 दर्ज कर मामला विवेचना में लिया है। गिरफ्तार आरोपी करण निषाद को न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे मामले की गहन जांच कर सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक कुलदीप सिंह, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र तिवारी, उमेश सिंह तथा आरक्षक अजय प्रताप सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन एवं अजीत सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Exit mobile version