Monday, April 20, 2026
Latest:
Latestअंतराष्ट्रीय

1.80 करोड़ रुपए में बिका, दाऊद की बहन का फ्लैट

मुंबई। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर के मुंबई स्थित फ्लैट की नीलामी सोमवार को हो गई। उनका फ्लैट 1.80 करोड़ रुपए में बेचा गया है। बताते चलें कि तस्करी और विदेशी मुद्रा जोड़-तोड़ अधिनियम (SAFEMA) के तहत इस फ्लैट की नीलामी की गई है। हसीना पारकर का यह फ्लैट मुंबई के नागपाड़ा इलाके के गॉर्डन हॉल अपार्टमेंट में है।

संपत्ति खरीदने के इच्छुक लोगों को 28 मार्च तक नामांकन दाखिल करने को कहा गया था, जबकि इसकी नीलामी 1 अप्रैल को होनी थी। नीलामी में भाग लेने के लिए 30 लाख रुपए जमा करने थे और फ्लैट की कीमत 1.69 करोड़ रुपए तय की गई थी।

बताया जा रहा है कि इस नीलामी के लिए आठ लोगों ने बोली लगाई थी। फ्लैट खरीदने वाले व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। सीलबंद लिफाफे में उनका नाम था। बताते चलें कि दाऊद इब्राहिम के उगाही से खरीदे गए इस फ्लैट पर कब्जा करने की कोशिश सीबीआई ने साल 1997 से शुरू की थी।

मगर, मामला अदालत में चलता रहा और इस दौरान हसीना पारकर इसी मकान में रहकर वसूली और दहशत का कारोबार चलाती रही थी। इस बीच हसीना की मौत हो गई। मामला सुप्रीम कोर्ट में गया और आखिरकार साफेमा और एनडीपीएस मुंबई इस फ्लैट का कब्जा पाने में कामयाब हुए।

इस फ्लैट में साल 2014 तक हसीना पारकर अपने निधन होने तक रहती थीं। देश से भागने से पहले दाऊद भी इसी फ्लैट में रहता था। इकबाल कासकर को साल 2017 में उसी घर से एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा ने गिरफ्तार किया था।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply