हिज्बुल कमांडर रियाज नायकू को मुठभेड़ में घेरने के बाद कश्मीर में मोबाइल इंटरनेट बंद

श्रीनगर. जम्मू कश्मीर (Jammu Kashmir) के पुलवामा जिले में मुठभेड़ में सुरक्षाबलों द्वारा आतंकवादी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन के शीर्ष कमांडर रियाज नायकू के साथ एक अन्य आतंकवादी को घेरे जाने के बाद बुधवार को राज्य में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई.
अधिकारियों ने बताया कि एहतियाती कदम के तौर पर मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित की गई हैं. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में बेगपुरा इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है.
अधिकारी ने बताया, ‘पुलिस ने एक सटीक सूचना के आधार पर गत रात बेगपुरा में एक अभियान शुरू किया. वरिष्ठ अधिकारी कल रात से ही इसकी निगरानी कर रहे हैं.’ प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादियों से संपर्क स्थापित हो गया है और एक ‘‘शीर्ष आतंकवादी कमांडर’’ को घेर लिया गया है. हालांकि उन्होंने उसका नाम नहीं बताया.
दो आतंकियों को मार गिराया गया
बता दें सेना ने तीन आतंकियों को घेर लिया था. कश्मीर जोन पुलिस ने जानकारी दी कि पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर हैं. समाचार एजेंसी ANI के अनुसार इस मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया गया.
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने शारशाली गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वहां की घेराबंदी की और तलाशी अभियान चलाया. उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान उस समय मुठभेड़ में तब्दील हो गया जब आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलानी शुरू कीं. अधिकारियों ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में एक आतंकवादी मारा गया. अंतिम रिपोर्ट मिलने तक अभियान जारी था.








