खेल डेस्क्। बॉल टेंपरिंग विवाद के चलते ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ को एक टेस्ट के बैन के बाद और गंभीर सज़ा मिल सकती है. ऐसा माना जा रहा है कि स्मिथ को कप्तानी से तो हाथ धोना ही पड़ेगा साथ ही उन पर एक साल तक का बैन लग सकता है. स्मिथ के साथ वॉर्नर पर भी फैसला लिया जाएगा. ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम में 5 ऐसे खिलाड़ी हैं जिनको टीम की कमान सौंपी जा सकती है.
टिम पेन: बॉल टेंपरिंग विवाद के बाद तीसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान टिम पेन को दी गई थी. हाल ही में हुई एशेज़ सीरीज़ के लिए इस 33 साल के विकेटकीपर के टीम में सिलेक्शन ने सभी को चौंकाया था. लेकिन पेन शांत दिमाग़ के खिलाड़ी हैं और उन्हें पूरी तरह से कप्तानी दी जा सकती है.
मिचेल मार्श: 26 साल का ये ऑलराउंडर आजकल बैट और बॉल दोनों से काफी अच्छे फॉर्म में है. और इसी वजह से मार्श भी कप्तान बनने के बड़े दावेदार हैं. कुछ साल पहले मार्श काफी समय तक ख़राब फॉर्म से जूझ रहे थे लेकिन ज़ोरदार वापसी की टीम में अहम जगह बनाने में कामयाब हुए. मार्श पूर्व नैशनल कोच ज्यौफ मार्श के बेटे हैं और वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के कप्तान भी हैं.
उस्मान ख़्वाजा: 31 साल के उस्मान, एक पाकिस्तानी-ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं. उस्मान के पास अनुभव के साथ सब्र भी है. उन्होंने मुश्किल समय में न सिर्फ धैर्य दिखाया बल्कि 2015 में भारतीय दौरे पर अच्छी कप्तानी का परिचय भी दिया.
पैट कमिंस: 24 साल का ये तेज़ गेंदबाज़ नौजवान है और साथ ही ख़तरनाक बॉलर भी. ऐसा कम ही देखने को मिलता है जब कोई तेज़ गेंदबाज़ टीम की कप्तानी कर रहा हो. तेज़ गेंदबाज़ी के साथ कप्तानी का बोझ उठाना मुश्किल काम है. लेकिन अगर ऑस्ट्रेलियाई टीम एक नई शुरुआत चाहती है तो कमिंस सही लीडर साबित हो सकते हैं. पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क उन्हें पहले ही ‘कैप्टन-इन-वेटिंग’ बता चुके हैं.
माइकल क्लार्क: स्मिथ से पहले क्लार्क ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी कर रहे थे. क्लार्क ने 115 टेस्ट खेलने के बाद साल 2015 में संन्यास लेने का फैसला किया. अब क्लार्क टीवी कमेंटेटर के तौर पर नज़र आते हैं और हाल ही में क्रिकेट में वापसी में दिलचस्पी दिखाई थी. उन्होंने कमेंट्री के दौरान कहा था, “अगर मुझे सही लोग पूछेंगे तो मैं अपना जवाब दूंगा.” अगर क्लार्क वापसी करते हैं तो वो कप्तानी के लिए सबसे बड़े दावेदार होंगे.
