नई दिल्ली। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में देश भर के स्कूलों में पढ़ रहे छात्रों को अगले साल से दिन प्रतिदिन बोले जाने वाले पांच से 10 वाक्यों को 22 भाषाओं में पढ़ाया जाएगा। केंद्र सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) की तरफ से यह निर्देश सीबीएसई को भी दिया गया है।
साथ ही एमएचआरडी मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने यह बातें गुरुवार को केंद्रीय विद्यालय संगठन के राष्ट्रीय एकता शिविर में भी कहीं। उन्होंने विज्ञान भवन मैदान में आयोजित शिविर में कहा कि प्रधानमंत्री ने जो ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का नारा दिया है केंद्रीय विद्यालय उस पथ पर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने केंद्रीय विद्यालयों के छात्रों द्वारा प्रस्तुत नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों की तारीफ की और कहा कि जिस तरह से केरल के छात्रों ने हिमाचल प्रदेश का नृत्य और चंडीगढ़ के विद्यार्थियों ने आंध्र प्रदेश का नृत्य प्रस्तुत कर एकता की मिसाल दी है, वह अद्भुत है। मंत्री ने केंद्रीय विद्यालयों की तारीफ भी की।
उन्होंने कहा कि हमारे सरकारी स्कूल अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इनके अलावा नवोदय विद्यालयों का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। इस साल कक्षा छह की 40 हजार सीटों के लिए 28 लाख विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी थी।

