सिवनी में थाने के सामने सिर कुचलकर सरेआम छात्रा की हत्या
सिवनी। शहर के कोतवाली थाने के सामने सोमवार की सुबह एक छात्रा की पत्थर से सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। आरोपित ने करीब 15 किलो वजनी पत्थर छात्रा के सिर पर पटक दिया। अस्पताल ले जाते वक्त खून से लहूलुहान छात्रा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मौके से कुछ दूरी पर मौजूद होमगार्ड सैनिक वकील खान व आसपास के दुकानदारों ने आरोपित अनिल मिश्रा (38) को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुलिस उसे कोतवाली ले आई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मृतका नेताजी सुभाषचंद्र बोस गर्ल्स कॉलेज में बीए के पांचवें सेमेस्टर की छात्रा थी। घटना के समय वह कॉलेज जा रही थी।
बाल पकड़कर रोका
कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि छात्रा कॉलेज जा रही थी। तभी अनिल मिश्रा मोपेड से पहुंचा। डॉ. एसएन सोनी के घर के सामने सड़क से जा रही छात्रा के साथ चलते हुए आरोपित ने बाल पकड़कर छात्रा को रोक लिया। आरोपी ने छात्रा को सड़क किनारे ले जाकर जमीन में गिराकर उसके सिर पर एक बड़ा पत्थर पटक दिया।
आरोपित पर दर्ज है छेड़छाड़ का मामला
सिवनी एसडीओपी केके वर्मा ने बताया कि 6 माह पहले 15 फरवरी को छात्रा ने आरोपित अनिल मिश्रा पर छेड़छाड़ का मामला लखनवाड़ा थाने में दर्ज कराया था। मामले में जांच के बाद 7 मार्च को अजाक पुलिस आरोपित अनिल के खिलाफ चालान कोर्ट में पेश कर चुकी है। मामले की सुनवाई कोर्ट में चल रही थी। अनिल मिश्रा ने बयान न देने व मामले को वापस लेने को लेकर छात्रा पर दबाव बना रहा था। छात्रा के इंकार करने पर आक्रोशित अनिल ने उसकी हत्या कर दी

