सागर: ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष नरेश जैन के निधन से स्तब्ध हुए कांग्रेस जन

सागर/ जिला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष नरेश चंद जैन के अचानक हुए निधन से संपूर्ण कांग्रेस परिवार स्तब्ध हो गया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी और सुरखी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी पारुल साहू ने यह दुखद समाचार मिलते ही बिलहरा में किया जा रहा जनसंपर्क कार्यक्रम तुरंत रोक दिया और सभी कांग्रेसजनों के साथ मुख्यालय वापस आ गई। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश प्रभारी सीपी मित्तल ने भी नरेश जैन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी ने उनके असमय निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि करोना संक्रमण के चलते सुरखी उपचुनाव में उनके द्वारा दिया गया बलिदान लोकतंत्र की रक्षा में नई मजबूती देगा।

पार्टी की आन बान और शान के लिए सुरखी क्षेत्र समेत जिले और प्रदेश स्तर पर कांग्रेस पार्टी के लिए उनके द्वारा दी गई ताकत को हमेशा याद किया जाएगा।

सुरखी से कांग्रेस प्रत्याशी पारुल साहू ने नरेश जैन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जिस जमीन पर वह सच्चाई की लड़ाई लड़ने पहुंची है उस जमीन को स्व नरेश जैन ने ही अपनी कड़ी मेहनत से मजबूत करके मुझे सौंपा है लेकिन अब इस तरह हमारे बीच से जाना स्तब्ध कर देने वाला है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश प्रभारी सीपी मित्तल ने नरेश जैन को पार्टी का सच्चा योद्धा बताते हुए कहा कि उनकी शहादत को पार्टी संगठन में हमेशा याद किया जाएगा। राष्ट्रीय सचिव डॉ सुधांशु त्रिपाठी ने भी उनके निधन को पार्टी संगठन की अपूरणीय क्षति बताया है।

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष त्रिलोकी कटारे ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि नरेश जैन के निधन से न केवल पार्टी का बहादुर साथी बल्कि एक सच्चा दोस्त भी खो दिया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं पीसीसी सदस्य डॉ संदीप सबलोक ने कहा कि प्रदेश में प्रजातंत्र को खंडित होने से बचाने के लिए अंतिम क्षण तक काम करते हुए कांग्रेस पार्टी के सिपाही नरेश जैन जी आज शहीद हो गए।

जिला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीमंत नरेश जैन के असमय निधन पर कांग्रेस पार्टी द्वारा गुरुवार 15 अक्टूबर को शाम 4 बजे कांग्रेस कार्यालय राजीव गांधी भवन तीनबत्ती पर शोक सभा का आयोजन किया गया।

सुरखी का चुनाव सच्चाई और झूठ के बीच लड़ाई – डॉ सुधांशु त्रिपाठी

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश के सह प्रभारी डॉ सुधांशु त्रिपाठी ने सुरखी उपचुनाव को लेकर पार्टी संगठन की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी तथा ग्रामीण कांग्रेस प्रभारी सुरेंद्र सुहाने समेत विभिन्न नेताओ से संगठनात्मक जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसी बीच प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष वीरेंद्र गौर के भाई के निधन पर ग्रामीण कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को उन्होंने निरस्त कर दिया और संतप्त परिवार को अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव डॉ सुधांशु त्रिपाठी के सागर पहुंचने पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं पीसीसी सदस्य डॉ संदीप सबलोक ने उनकी आगवानी की। डॉ सुधांशु त्रिपाठी सर्वप्रथम तीनबत्ती स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। यहां जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी के निर्देशन में दीनदयाल तिवारी सुरेंद्र चौबे साजिदा खान आदि ने उन्हें गतिविधियों से अवगत कराया। ग्रामीण कांग्रेस कार्यालय में सुरेंद्र सुहाने के प्रभार ग्रहण कार्यक्रम में पहुंचने पर वीरेंद्र गौर के भाई के निधन का समाचार मिलते ही उन्होंने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए और दिवंगत के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। इस दौरान यहां सुरेंद्र सुहाने पप्पू गुप्ता मुकुल पुरोहित रवि सोनी राकेश सरवैया आदि उपस्थित थे।

राष्ट्रीय सचिव डॉ सुधांशु त्रिपाठी ने अपने सागर प्रवास के दौरान कहा कि सुरखी का उपचुनाव ना केवल कार्यकर्ताओं बल्कि लोकतंत्र की भी परीक्षा की घड़ी है। उन्होंने इस चुनाव को सच्चाई और झूठ के बीच लड़ाई बताते हुए लोकतंत्र और सच्चाई के लिए हर हालत में यह चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत से काम करने के निर्देश दिए। अपने सागर प्रवास के दौरान उन्होंने विभिन्न नेताओं से चुनावी गतिविधियों की जानकारी ली।

Exit mobile version