Saturday, April 25, 2026
Latest:
Latest

सलमान केस की सुनवाई करने वाले जज का तबादला, लटक सकती है जमानत

जयपुर। राजस्थान में शुक्रवार रात एक साथ 87 जजों के तबादले कर दिए। इनमें जोधपुर सेशन कोर्ट के जज रवींद्र कुमार जोशी भी हैं। उनकी जगह चंद्रशेखर शर्मा को सेशन जज बनाया गया है। इस तबादले से काले हिरण के शिकार मामले में जोधपुर सेंट्रल जेल भेजे गए बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की जमानत लटक सकती है।

गौरतलब है कि जज जोशी ने जमानत पर शुक्रवार को फैसला शनिवार तक के लिए सुरक्षित कर लिया था। न्यायिक सूत्रों के मुताबिक, जज शर्मा के कार्यभार संभालने तक जमानत याचिका पर सुनवाई संभव नहीं हो सकेगी। यानी सलमान खान को अभी कई और रातें जेल में काटनी पड़ सकती हैं।

सलमान को जोधपुर के निकट कांकणी गांव में एक अक्टूबर, 1998 की रात दो काले हिरण की गोली मारकर हत्या करने के अपराध में गुरुवार को पांच साल जेल और दस हजार जुर्माने की सजा सुनाई गई। यह घटना “हम साथ साथ हैं” फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी। मामले में सलमान के साथी कलाकार सैफ अली खान, तब्बू, नीलम, सोनाली बेंद्रे और एक स्थानीय व्यक्ति दुष्यंत सिंह भी आरोपित थे, जिन्हें “संदेह का लाभ” देते हुए बरी कर दिया गया है।

सलमान की ओर से ये थीं दलीलें

-जांच में कई सारी कमियां हैं।

-शिकार के किसी भी केस की जांच में यह साबित नहीं हुआ है कि सलमान ने हथियारों का इस्तेमाल किया।

-इस केस का चश्मदीद गवाह विश्वसनीय नहीं है।

-करीब बीस साल तक केस का सामना किया है। यह भी एक तरह की सजा ही है।

-मामले में जब साथी कलाकार बरी हो गए तो सिर्फ सलमान को सजा क्यों?

सरकारी वकील ने किया था विरोध 

-हाई कोर्ट से अन्य मामलों में सलमान को बरी किए जाने से इस मामले की तुलना नहीं की जा सकती है।

-इस मामले में चश्मदीद गवाह मौजूद है, जबकि अन्य मामलों में ऐसा नहीं था।

  • सजा स्थगित करने से गलत संदेश जाएगा। जोधपुर ग्रामीण सीजेएम कोर्ट का फैसला 201 पेज का है, इसके अध्ययन के लिए समय चाहिए ।

नंबर 24वां, पर सुनवाई पहले

जोधपुर सेशन कोर्ट में शुक्रवार को 25 मामले थे। इनमें सलमान की जमानत याचिका का नंबर 24वां था, लेकिन कोर्ट ने सबसे पहले इसीकी सुनवाई की।

बेचैनी में कटी रात, आसाराम ने ऑफर किया टिफिन

जोधपुर की सेंट्रल जेल में कैदी नंबर 106 यानी सलमान ने पहली रात (गुरुवार) काफी बेचैनी में काटी। वह रातभर अपनी बैरक में टहलते रहे,कभी खड़े होते तो कभी बैठ जाते।

-सुबह करीब साढ़े तीन बजे नींद आई और आठ बजे जग गए।

  • शुक्रवार सुबह चाय के साथ मीठा दलिया खाया। लेकिन दोपहर में सामान्य कैदियों वाला भोजन लेने से इन्कार कर दिया। सलमान की बहन अलवीरा ने गुरुवार को जेल की कैंटीन में 400 रुपये जमा कराए थे। इनसे ही शुक्रवार को ब्रेड और बटर मंगाकर खाया।

-हालांकि, पास की ही बैरक में रह रहे आसाराम ने अपना टिफिन ऑफर किया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। कोर्ट की अनुमति से आसाराम का भोजन उनके आश्रम से आता है।

-आसाराम और सलमान का बाथरूम एक ही है, जिसमें मिट्टी का एक मटका और लोटा रखा हुआ है।

  • जमीन पर बिछाने के लिए एक दरी और चार कंबल दिए गए हैं । हवा के लिए एक पंखा है।

-उन्होंने सामान्य कैदियों वाले कपड़े पहनने से भी इन्कार कर दिया है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply