कटनी(YASHBHARAT.COM)। सर्वशक्ति महिला सेवा समिति (Women’s Power Group), कटनी द्वारा वर्ष 2025-26 के दो वर्षीय कार्यकाल के अंतर्गत सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों में निस्वार्थ भाव से योगदान देने वाली महिलाओं, सामाजिक संस्थाओं एवं सहयोगियों के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन 14 नवंबर 2026 को स्काईलाइट, संत नगर, नई बस्ती, कटनी में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। बाल दिवस के अवसर पर आयोजित इस समारोह में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। समिति का यह विशेष समारोह उन महिलाओं के समर्पण, सेवा भावना एवं सामाजिक योगदान को पहचान और सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जो बिना किसी अपेक्षा के समाज एवं जरूरतमंदों के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं, सहयोगियों एवं मीडिया जगत से जुड़े व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कटनी की महारानी माँ जालपा कालका शारदा के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, श्रीमती श्वेता पाठक, श्रीमती ममता तोमर एवं श्रीमती कीर्ति मालवीय तथा समिति की ओर से श्रीमती श्रुति चौदहा, श्रीमती श्रद्धा पांडे, श्रीमती सोनाली गुप्ता एवं श्रीमती पूनम त्रिपाठी द्वारा माता रानी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। समारोह का उद्देश्य केवल पुरस्कार प्रदान करना नहीं बल्कि समाज के प्रति समर्पित महिलाओं के निस्वार्थ योगदान को सम्मान देना और अन्य महिलाओं को भी सामाजिक सेवा के लिए प्रेरित करना रहा। साथ ही सामाजिक कार्यों में सहयोग देने वाली संस्थाओं, पत्रकारों, समाचार पत्रों, ब्लॉगर्स एवं फोटोग्राफर्स के योगदान के प्रति भी सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने समिति के सेवा कार्यों एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन समिति की संस्थापिका अध्यक्ष श्रीमती माही वीरेंद्र तिवारी द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि उस सोच, समर्पण और सेवा भावना का प्रतीक है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करती है। समिति का प्रयास है कि महिलाओं को एक ऐसा मंच मिले, जहाँ उनके कार्यों को पहचान और सम्मान प्राप्त हो तथा अन्य महिलाएं भी समाज सेवा के लिए प्रेरित हों।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के समस्त रजिस्टर्ड मेंबर्स, बोर्ड मेंबर्स, विशेष सदस्य मेंबर्स एवं समिति सदस्य मेंबर्स का विशेष योगदान रहा।
अंत में समिति की ओर से सभी अतिथियों, सम्मानित प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

