शराब पीकर वाहन चलाने वाले तीन चालकों के वाहन जब्त, यातायात पुलिस ने की 16 चालानी कार्रवाई,ओवरलोडिंग, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कसा शिकंजा
कटनी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कटनी यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत बिलहरी नाका सहित शहर के विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों पर जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते मिले तीन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए। इनमें दिल्ली नंबर के वाहन चालक गजराज सिंह (52), सोनू कुशवाहा (30) और विकास कुमार यादव (26) शामिल हैं। इसके अलावा एक वाहन को ओवरलोडिंग के मामले में जब्त किया गया।
यातायात पुलिस ने अव्यवस्थित पार्किंग, निर्धारित ऊंचाई से अधिक भार लादने, वाहनों पर नियमानुसार पंजीयन क्रमांक प्रदर्शित नहीं करने तथा यातायात बाधित करने के मामलों में भी सख्ती दिखाई। इन उल्लंघनों पर कुल 16 चालानी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह, उपनिरीक्षक शशिभूषण दुबे, सहायक उपनिरीक्षक अशोक सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिंह, आरक्षक राजकुमार झारिया, अभिनव शुक्ला सहित यातायात पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, क्षमता से अधिक भार न लादें, निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जान सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक है।











