Thursday, May 21, 2026
Latest:
#MP Vidhansabha ElectionsLatestPoliticsमध्यप्रदेश

विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए कांग्रेस कोई चुनौती नहीं, कमल नाथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की कभी बराबरी नहीं कर सकते: नरोत्तम मिश्रा

MP News प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा बुधवार को विदिशा में कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए कांग्रेस कोई चुनौती नहीं है। कांग्रेस नेता कमल नाथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कभी बराबरी नहीं कर सकते। वे ना तो चौहान की तरह रथ यात्राएं कर सकते हैं और ना ही प्रवास कर सकते हैं। नरोत्तम ने भरोसा जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा दो तिहाई बहुमत हासिल करेगी।

जन आक्रोश यात्रा में जनता का आक्रोश झेल रहे कांग्रेसी

जन आशीर्वाद यात्रा के लिए रायसेन रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा में कांग्रेस नेताओं को ही जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में एक भी दलित और महिला का चेहरा नहीं रखा गया है, इससे कांग्रेस की सोच उजागर होती है।

इंडी गठबंधन पर भी साधा निशाना

नरोत्तम मिश्रा ने I.N.D.I.A को भी निशाने पर लिया और कहा कि इस गठबंधन का कोई चरित्र, नीति और उद्देश्य नहीं है। वे सनातन धर्म पर सवाल उठाते हैं। लेकिन धर्म विशेष पर कुछ नहीं बोलते। उनके लिए हिंदू और हिंदुत्व साफ्ट टारगेट है।

टीवी, इंटरनेट मीडिया तक सिमटी कांग्रेस

गृह मंत्री मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस अब सिर्फ टीवी और इंटरनेट मीडिया तक सिमट कर रह गई है। अब कांग्रेस का कोई जनाधार नहीं बचा है। इसके पूर्व जन आशीर्वाद यात्रा के प्रभारी रणवीर सिंह रावत ने कहा कि यह यात्रा अब तक 43 में से 39 विधानसभा क्षेत्र में पहुंच चुकी है। आज और कल रायसेन जिले के चार विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर बाड़ी में समापन होगा। यह यात्रा अब तक 1732 किमी की दूरी तय कर चुकी है। इस दौरान 14 लाख 33 हजार लोगों से संपर्क किया गया है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा को भारी जन समर्थन मिल रहा है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम