Site icon Yashbharat.com

लंदन के मेयर सादिक ने राष्ट्रपति ट्रंपको कहा 11 साल का बच्चा, जारी है जुबानी जंग

london mayer sadiq khan 05 06 2019 m

लंदन। लंदन के मेयर सादिक खान और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बीच जुबानी जंग बढ़ती ही जा रही है। तीन दिवसीय ब्रिटेन यात्रा पर सोमवार को पत्नी मेलानिया के साथ वहां पहुंचते ही ट्रंप ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर सादिक खान को थका-हारा व्यक्ति करार दिया था। उन्होंने लिखा था कि मेयर को मुझ पर ध्यान देने की बजाय लंदन में बढ़ रहे क्राइम पर ध्यान देना चाहिए।

इसके बाद मंगलवार को खान ने इसका जवाब देते हुए कहा कि ऐसे व्यवहार की उम्मीद वे एक 11 साल के बच्चे से ही कर सकते हैं। खान ने कहा कि वे ट्रंप की टिप्पणियों से न तो वह परेशान हुए और न ही उन्हें इस बात का बुरा लगा है। मगर, अमेरिका को अपने व्यवहार को सुधारने की जरूरत है।

सादिक खान ने कहा कि वे ट्रंप की तरह व्यवहार नहीं कर सकते हैं। जिस प्रकार ट्रंप ने ट्वीट किए, वह काफी बचकाना था। बताते चलें कि अमेरिकी राष्ट्रपति के ब्रिटेन दौरे का काफी विरोध हुआ था। लोगों ने सड़कों पर इस दौरान ट्रंप विरोधी नारे लगाए और प्रदर्शन भी किए। उनके दौरे का विरोध करने के लिए लंदन में संसद परिसर के बाहर एक विशाल गुब्बारा भी उड़ाया गया है। ट्रंप की शक्ल वाला यह छह मीटर लंबा “ट्रंप बेबी” गुब्बारा उस समय भी उड़ाया गया था, जब वह जुलाई 2018 में ब्रिटेन के पहले दौरे पर आए थे।

प्रदर्शनकारियों का साथ देते हुए खान ने कहा था कि लोगों का विरोध तब तक जायज है, जब तक यह शांतिपूर्ण तरीके से हो। हालांकि, ट्रंप का स्वागत करते हुए रानी एलिजाबेथ द्वितीय ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया था। साथ ही ट्रंप को बकिंघम पैलेस में मेहमान के तौर पर न्यौता भी दिया गया था। उन्होंने दौरे के पहले दिन बकिंघम पैलेस में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और शाही परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की थी।

दूसरे दिन ब्रिटेन के प्रधानमंत्री थेरेसा मे से उनकी डाउनिंग स्ट्रीट मे वार्ता हुई। इसका विरोध करने के लिए बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी डाउनिंग स्ट्रीट से कुछ दूरी पर जमा हुए। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी अपने हाथों में ट्रंप विरोधी तख्तियां लिए हुए थे। इन पर लिखा था- ट्रंप दूर रहो, हम अपनी सियासत करने में सक्षम हैं। जबकि एक तख्ती पर लिखा था- ट्रंप अज्ञानी हैं।

Exit mobile version