#MP Vidhansabha ElectionsFEATURED

राजनगर में अमित शाह ने कहा-पाक में बम गिराए तो क्यों उड़ा “राहुल बाबा एंड कम्पनी का नूर”

खजुराहो। जिस दिन हमारी वायुसेना ने बालाकोट में बम गिराए, पूरे देश में खुशी थी, लेकिन राहुल बाबा एंड कंपनी के चेहरे का नूर चला गया था। मैं पूछता हूं कि क्या वो आतंकी आपके चचेरे-ममेरे भाई थे। राहुल बाबा को आतंकियों से प्रेम करना हैं तो करें, हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं गोली का जवाब गोले से देंगे। तुम करो वोट बैंक की राजनीति, हम भाजपा वालों के लिए मां भारती की सुरक्षा ज्यादा जरूरी चीज है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने खजुराहो के राजनगर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही।

screenshot 20190423 222526 twitter1568965799498485067

यह सभा खजुराहो के लोकसभा प्रत्याशी वीडी शर्मा एवं टीकमगढ़ के लोकसभा प्रत्याशी डॉ. वीरेंद्र खटीक के समर्थन में आयोजित की गई थी।

हर जगह मोदी-मोदी के नारे
सभा को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान मैं पूरे देश में घूमा हूं। खजुराहो 249 वीं लोकसभा सीट है, जहां मैं पहुंचा हूं। मैं अब तक जहां भी गया हूं, हर जगह एक ही नारा सुनाई देता है। वह नारा है……मोदी…मोदी…मोदी का।

उन्होंने कहा कि पूरे देश की जनता ने नरेंद्र मोदी जी को फिर से अपना प्रधानमंत्री बनाना तय कर लिया है। उसकी वजह यह है कि पिछले पांच सालों में मोदी जी की सरकार ने वो काम किया है, जो कांग्रेस की सरकारें अपने 55 सालों में नहीं कर पाई। मोदी जी की सरकार ने पांच साल में देश की 7 करोड़ महिलाओं को गैस सिलेंडर दिए। ढाई करोड़ गरीबों को घर दिए। 8 करोड़ गरीबों को शौचालय दिए और देश के 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़कर मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। श्री शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित होने वाले किसानों की सूची नहीं भेज रही है। उसे डर है कि अगर किसानों को पैसे मिल गए, तो मोदी जी लोकप्रिय हो जाएंगे। वे आयुष्मान भारत योजना को भी रोक रहे हैं। लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि कितना रोकोगे, हम फिर से आने वाले हैं।

देश को सुरक्षित बनाया
श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने सबसे बड़ा काम देश को सुरक्षित करने का किया। कांग्रेस की सरकार के समय पाकिस्तान से आतंकवादी आते थे, जवानों के सर काट ले जाते थे। हमारे शहीद हेमराज का सिर काटकर ले गए और पैरों से रौंदकर अपमानित किया। मोनी बाबा के मुंह से आवाज नहीं निकली। मोदी जी जब प्रधानमंत्री बने, तो उड़ी हमले के बाद हमारी सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक की। पुलवामा हमला हुआ, तो पाकिस्तान ने सीमा पर सेना लगा दी कि भारत कहीं फिर से सर्जिकल स्ट्राइक न कर दे। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री 56 इंच के सीने वाले प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने एयरफोर्स को आदेश दिया और शहीद जवानों की तेरहवीं के दिन हमारी वायुसेना ने बालाकोट पर हमला करके आतंकियों को मौत की नींद सुला दिया। श्री शाह ने कहा कि राहुल बाबा के गुरु सैम पित्रोदा कहते हैं कि कुछ बच्चों ने गलती कर दी, उनसे बातचीत करिए। मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि हमारे 40 जवानों को जो मार दे उनके साथ बातचीत करनी चाहिए, या उन पर बम गिराना चाहिए।

कश्मीर, कोई नहीं छीन सकता
श्री शाह ने कहा कि राहुल बाबा के साथी उमर अब्दुल्ला कहते हैं कश्मीर में अलग प्रधानमंत्री होना चाहिए। एक देश में दो प्रधानमंत्री हो सकते हैं क्या? ये कश्मीर को भारत से अलग करने की बात करते हैं। मैं राहुल बाबा से पूछना चाहता हूं कि बताइये आप उमर अब्दुल्ला से सहमत हैं या नहीं? मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ से भी पूछना चाहता हूं कि अगर रुपया इकट्ठा करने से फुरसत मिल गई हो, तो बताओ उमर अब्दुल्ला से सहमत हो या नहीं। श्री शाह ने कहा कि देश में फिर मोदी जी की सरकार बन रही है, लेकिन अगर हम सत्ता में नहीं भी रहे, तो भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अपनी जान रहते कश्मीर को भारत से अलग नहीं होने देगा। कश्मीर मां भारती का मुकुटमणि है, उसे कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने सभा में उपस्थिति लोगों से पूछा कि राहुल बाबा और उनके साथी देश की सुरक्षा कर सकते हैं क्या, कश्मीर को बचा सकते हैं क्या, कश्मीर से धारा 370 हटा सकते हैं क्या, घुसपैठियों को देश के बाहर निकाल सकते हैं क्या? उन्होंने कहा कि ये सारे काम सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं।

हिंदू संस्कृति को बदनाम कर रहे हैं दिग्विजय
श्री शाह ने कहा कि हमने दिग्विजय सिंह के खिलाफ भोपाल लोकसभा सीट से साध्वी प्रज्ञा को खड़ा किया है। जैसे ही उनका नाम आया, कांग्रेसियों के पसीने छूट गए। दिग्विजयसिंह और उनके साथी कहने लगे इन पर आरोप है। उन्होंने कहा कि दिग्विजयसिंह ने भगवा आतंकवाद शब्द का प्रयोग कर हिंदू संस्कृति को बदनाम किया है। हिंदू संस्कृति तो ऐसी है कि काटने वाली चींटी को भी आटा खिलाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने समझौता ब्लास्ट और मक्का मस्जिद विस्फोट का फर्जी केस बनाया था। साध्वी प्रज्ञा जैसों पर आरोप मढ़ दिये और असली गुनहगारों को छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि असली गुनहगारों, आतंकियों को छोड़ देने की जिम्मेदारी कौन लेगा। श्री शाह ने कहा कि दिग्विजयसिंह के विरोध में साध्वी प्रज्ञा को खड़ा करना हिंदू संस्कृति को बदनाम करने के विरोध में हमारा सत्याग्रह है।

लोकसभा चुनाव भ्रष्टाचारियों को दंड देने का मौका
श्री शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश में जब हमारी सरकार थी, तो शिवराज जी पर आरोप लगे। उन्होंने खुद सीबीआई जांच का आग्रह किया। लेकिन जब से कांग्रेस की सरकार आई है, भ्रष्टाचार का बोलबाला है। अभी इनकम टैक्स के छापे में 281 करोड़ रुपए मिले, ये रुपए किसके थे? उन्होंने कहा कि ये रुपए प्रदेश के गरीबों के, किसानों के, आदिवासियें के और दलितों के थे। उन्होंने कहा कि कमलनाथ की सरकार विकास नहीं कर सकती। प्रदेश की स्थिति ऐसी हो गई है कि 4 महीने में ही फिर से बंटाढार याद आने लगा है। श्री शाह ने कहा कि यह लोकसभा का चुनाव भ्रष्टाचारियों को दंड देने का अच्छा मौका है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी एक नया भारत, सुरक्षित भारत, समृद्ध भारत और संस्कारित भारत बना रहे हैं। आप लोग अपने-अपने उम्मीदवारों को जिताएं और उन्हें जिताने के लिए जब कमल का बटन दबाएंगे, तो वही बटन मोदी जी को दोबारा देश का प्रधानमंत्री बनाएगा।

भीड़ कम होने पर ये रही चर्चा

वैसे तो यह सभा तीन लोकसभा के लिये आयोजित की गई थी लेकिन उस हिसाब से यहां भीड़ नहीं जुट सकी। चर्चा थी कि इससे अमित शाह भी खुश नजर नहीं आये राजनगर में वह बेहद कम समय मे भाषण दे कर रवाना हो गए।

इस दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, पूर्व मंत्री कुसुम महदेले जी, लोकसभा प्रत्याशी विष्णुदत्त शर्मा एवं डॉ. वीरेंद्रकुमार खटीक, भाजपा विधायक गण, पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply