मध्यप्रदेश

यूनियन बैंक में ‘Currency Chest ‘ गार्ड कोरोना पॉजिटिव, अब बैंकरर्स में हड़कंप

भोपाल )। Coronavirus Bhopal News : आठ जिलों के एटीएम में करेंसी भेजने वाली यूनियन बैंक की ‘करेंसी चेस्ट’ ब्रांच का गार्ड ‘कोरोना पॉजिटिव’ निकलने से स्टाफ में हड़कंप है। पुलिस के गार्ड को भर्ती कराकर उसके चार अन्य साथियों की जांच कराई गई है। घटना के बाद करेंसी-दस्तावेजों को सैनिटाइज कर, बैंक कर्मचारियों को होम क्वारंटाइन और एक संदिग्ध को अस्पताल भेजा गया है।

बैंक की करेंसी चेस्ट शाखा में हर समय पुलिस के पांच गार्ड तैनात रहते हैं, 11 अप्रैल को एक गार्ड को कोरोना पॉजिटिव निकला। उसके बाद से बैंक परिसर में हड़कंप मचा है। अधिकारी-कर्मचारी छुट्टी पर तो कई होम क्वारंटाइन में चले गए हैं। इस भवन में रीजनल ऑफिस भी है उसे भी सैनिटाइज कराया गया है। पुलिस ने बैंक के लिए दूसरे पुलिस गार्ड भेज दिए हैं लेकिन परिसर में मौजूद करीब 60 अधिकारी-कर्मचारियों में दहशत है।

करेंसी को कराया सैनिटाइज

बताया जाता है कि गार्ड के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद करेंसी सहित दस्तावेजों और परिसर को भी सैनिटाइज कराया गया है। बैंक स्टाफ के क्वारंटाइन में चले जाने से कामकाज के लिए अन्य शाखाओं से कर्मचारियों को प्रतिनियुक्ति पर बुलाया गया है। लेकिन इन लोगों में भी कोरोना का डर बैठ गया है। बैंक के सुरक्षा अधिकारी सुनील चौहान कहते हैं कि पांचों गार्ड का रूम ‘करेंसी चेस्ट’ के पास ही है।

 

बैंक कर्मी भी ग्लब्स और मॉस्क पहनकर ही काम करते हैं अब अतिरिक्त सुरक्षा रखी जा रही है। स्टाफ को भी एक दिन छोड़कर बुला रहे हैं।

नोटों के लेनदेन में रहें सतर्क

सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि कोरोना संक्रमण के दौर में डिजिटल लेनदेन करना ज्यादा सुरक्षित है।बाजार में नोट लेनदेन के बाद हाथों को सैनिटाइज अथवा साबुन से धो लें। बचाव के लिए ऐसा करना जरूरी है। स्टाफ को क्वारंटाइन पर भेजा इस घटना के बाद बैंक स्टाफ को क्वारंटाइन पर भेजा गया है। कोरोना एडवायजरी के हिसाब से सुरक्षा संबंधी सभी उपाय अपनाए जा रहे हैं। भवन को तीन बार सैनिटाइज किया जा चुका है। -गुरुतेज सिंह, उप महाप्रबंधक, मप्र

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम