रेलवे से जमीन अदला-बदली कर जबलपुर में यहां नगर निगम बनाएगा शॉपिंग काम्प्लेक्स
Jabalpur News रेलवे से जमीन अदला बदली कर जबलपुर में यहां नगर निगम बनाएगा शॉपिंग काम्प्लेक्स
जबलपुर नागपुर और हबीबगंज रेलवे स्टेशन की तर्ज पर शहर में भी मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म-6 के पास नगर निगम प्रशासन अत्याधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाएगा।
इसके लिए रेलवे और नगर निगम के बीच जमीन की अदला-बदली होगी। नगर निगम ने इस जमीन समेत कई अन्य जमीनों की अदला-बदली का प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय के समक्ष रखा था। रेलवे मुख्यालय ने प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड को भेजा है।
कांचघर को लेकर विचार
कांचघर में निगम के स्वामित्व की जमीन रेलवे को सौंपने को लेकर भी लम्बे समय से चर्चा हो रही थी। रेलवे और निगम के अधिकारियों की कई दौर की बैठक के बाद रेल मुख्यालय ने निगम के प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड को भेजा। इस जमीन पर रेलवे की अपने कर्मचारियोंं के लिए रिहायशी आवास विकसित करने की योजना है।
विभागीय जानकारी के अनुसार यदि ग्वारीघाट में भी रेलवे की जमीन निगम को मिलती है तो वहां भी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जा सकता है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। विशेष तिथियों और पर्वों पर शहर सहित आस-पास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग नर्मदा स्नान और पूजन के लिए आते हैं।
पीएन सन्खेरे, उपायुक्त, नगर निगम ने कहा कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म-6 के सामने की ओर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने रेलवे के अधिकारियों के समक्ष जमीन की अदला-बदली का प्रस्ताव रखा था। रेलवे मुख्यालय ने रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा है। अन्य जमीनों की अदला-बदली का प्रस्ताव भी भेजा गया है।

