Latest

महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों की सुरक्षा के ल‍िए MP के छह जिलों में सेफ सिटी कार्यक्रम

भोपाल। महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों की सुरक्षा के ल‍िए MP के छह जिलों में सेफ सिटी कार्यक्रम सार्वजनिक स्थलों पर महिला, लड़कियों और बच्चों को हिंसा और उत्पीड़न से बचाने के लिए भोपाल सहित छह शहरों में सेफ सिटी कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। चुनिंदा शहरों में सरकार बस स्टॉप, बाजार, मोहल्लों और लोक परिवहन को भयमुक्त बनाएगी। अगले एक साल छेड़छाड़ के खिलाफ बड़े स्तर पर काम किया जाएगा। कार्यक्रम का नोडल महिला एवं बाल विकास विभाग को बनाया गया है।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कैबिनेट ने इस कार्यक्रम को मंजूरी दी है। विभाग ने पहले साल छेड़छाड़ मुक्त शहर के निर्माण पर जोर दिया है। इसके लिए मैदानी अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।

सरकार ने कार्यक्रम के लिए भोपाल के अलावा जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर, छतरपुर और छिंदवाड़ा का चयन किया है। इन शहरों में बाजार सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर छेड़छाड़ फ्री वातावरण तैयार किया जाएगा।

शहर में हॉट-स्पॉट चिन्हित किए जाएंगे। सीआरपी का चयन और प्रशिक्षण, जिला मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण, बाल संरक्षण समिति की सहभागिता, चयनित हॉट-स्पॉट पर समुदाय में संवाद कार्यक्रम एवं प्राथमिक सर्वे कराया जाएगा। इसमें पुलिस, परिवहन, नगरीय विकास एवं आवास, स्मार्ट सिटी मिशन, स्कूल-उच्च एवं तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास प्रशिक्षण, पर्यटन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग सहित समुदाय स्तर पर नागरिक संस्थाओं, व्यापारिक और सामाजिक संगठन, शैक्षणिक संस्थानों, समूहों तथा शौर्य दल की महिलाओं और बालिकाओं का सहयोग लिया जाएगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम