Saturday, May 16, 2026
Latest:
Latest

बीजेपी नेता चाहते थे इंस्पेक्टर का तबादला, ‘हिंदुओं की नाराज़गी’ को बताया था वजह

बुलंदशहर । उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पिछले दिनों हुई हिंसा में मारे गए पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह से बीजेपी के स्थानीय नेता कुछ खुश नहीं थे. उन्होंने करीब तीन महीने सिंह के ट्रांसफर की मांग की थी. अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, बीजेपी के स्थानीय नेताओं ने बुलंदशहर के सांसद भोला सिंह को इस बाबत एक सितंबर को चिट्ठी लिखी. इसमें उन्होंने सुबोध सिंह पर हिंदू धार्मिक कार्यक्रमों में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि सिंह के अड़ियल रवैये के चलते उन्हें वहां से हटा देना चाहिए.

बीजेपी के शहर महासचिव संजय श्रोतिया ने इस चिट्ठी की पुष्टि की है. शहर के पूर्व पार्षद मनोज त्यागी और स्थानीय ब्लॉक प्रमुख प्रमेंद्र यादव सहित बीजेपी के छह सदस्यों ने इस चिट्ठी पर हस्ताक्षर किए थे.

इस चिट्ठी में बीजेपी सदस्यों ने लिखा है, ‘पुलिस अफसर की हिंदू धार्मिक कार्यक्रमों में अड़ंगा डालने की आदत है और इस कारण हिंदू समाज में उनके खिलाफ गुस्सा बढ़ रहा है.’ इसमें साथ ही लिखा गया है कि एसएचओ गाय चोरी और गोकशी की शिकायतों को भी गंभीरता से नहीं लेते हैं. इसलिए उन्हें और दूसरे स्थानीय पुलिस अधिकारियों को तत्काल ट्रांसफर कर उनके खिलाफ विभाग जांच का आदेश दिया चाहिए.’

वहीं श्रोतिया के हवाले से अखबार ने बताया है कि इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह और बीजेपी नेताओं के बीच विवाद के कई मामले सामने आए थे. वह कहते हैं, ‘धार्मिक कार्यक्रमों में रोड़ा अटकाने की उनकी आदत हो चुकी थी और इस कारण हिंदू समाज काफी नाराज़ था.’ वहीं बीजेपी के पूर्व पार्षद मनोज त्यागी कहते हैं, ‘हमने सुबोध कुमार सिंह के उद्दंड रवैये के चलते उनके तबादले की मांग की थी.’

बता दें कि बुलंदशहर के स्यानी में सोमवार 3 दिसंबर को गोकशी की अफवाह पर हिंसा भड़क उठी थी. इस दौरान भीड़ ने उत्पात मचाते हुए तोड़फोड़ और आगजनी की थी. हिंसा के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध सिंह की गोली लगने से मौत हो गई थी, वहीं सुमित नाम के एक लड़के की भी गोली लगने से मौत हुई थी.

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply