Tuesday, May 12, 2026
Latest:
Latest

बरही में एफआईआर तक नहीं, हरियाणा पुलिस ने पकड़ लिए चोर

बरही– बीते साल 2, 4 व 11 दिसंबर को सिलसिलेवार बरही थाना क्षेत्र के ग्राम झिरिया, चोरा-कनेरा व खन्ना से जल निगम के करीब 37 लाख कीमती 470 पाइप चोरी हुए थे, लेकिन इस मामले में लगातार शिकायत करने के बाद भी बरही पुलिस ने चोरी व चोरों तफ्तीश करना तो दूर 2 माह बीतने के बाद भी एफआरआई तक दर्ज नही की।

IMG 20200203 WA0005

इसी मामले में हरियाणा प्रान्त की पुलिस ने पाइप से भरे आइसर कन्टेन्टर व चोरों को पकड़ा है। हरियाणा में पकड़े गए चोरों ने कबूल भी किया कि उन्होंने कटनी जिले के बरही थानाक्षेत्र से पाइप को चुराया था। बरही थाना कोतवाल द्वारा इस मामले में प्रकरण पंजीबद्ध न कर चोरो को संरक्षण तो नही दे रही है। वारदात को गंभीरता से न लेना बरही पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगना लाजमी है, कि आखिर इतनी बड़ी वारदात पर बरही पुलिस हीलाहवाली क्यो कर रही है।

IMG 20200203 WA0006

चोरों के साथ बरही पहुँची थी हरियाणा पुलिस

बरही से चोरी हुए पाइप को थाना उत्तावल, जिला-पलवल, हरियाणा पुलिस ने विगत दिवस आइसर कन्टेनर क्रमांक एचआर 74 ए 6628, एचआर 74 बी 4740 वाहन में पकड़ा था। बरामद किए गए पाइप व आरोपी आरिफ, साकिर व इरशाद निवासी अकलीपुर, थाना नगीना, जिला-नूह ने कबूल किया कि वे उक्त पाईपों को बरही से चोरी किए थे, जिसके बाद 18 दिसंबर को उत्तावल थाना के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर श्री हरिओम चोरो को लेकर बरही पहुँचे, लेकिन बरही पुलिस ने यहाँ भी गुमराह करने का काम किया, हरियाणा पुलिस को बताया कि यहाँ ऐसी कोई शिकायत ही नही है, जिसके बाद हरियाणा पुलिस चोरो को लेकर लौट गई।

पाइप के नम्बरो से कंपनी को मिली जानकारी

हरियाणा में बरामद हुए बरही से चोरी गए पाइपो के बारे में आईएचपी प्रबंधन को हरियाणा पुलिस ने पाइप में पड़े नम्बरो के माध्यम जानकारी दी थी, जिसके आईएचपी प्रबंधन हरियाणा पहुँचा ओर चोरी के पाइपो की पहचान की।

गौरतलब है कि पाइप चोरी मामले में आईएचपी कंपनी प्रबंधन द्वारा एफआरआई दर्ज कराने के लिए बरही थाना का चक्कर काटकर मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक व सीएम हेल्पलाइन में भी की थी, लेकिन बरही पुलिस इस मामले में टाल-मटोल करती रही। बहरहाल चोरी की वारदात का इस हाईप्रोफाइल मामले में बरही पुलिस भी संदेह के घेरे में है। मामले की गंभीरता से पड़ताल की जाए तो इसमें संलिप्त कई रहस्य उजागर हो सकते है।

इनका कहना

बरही से चोरी हुए पाइप हरियाणा पुलिस ने बरामद किया है, जिसका पत्र भी प्राप्त हुआ है, इस मामले में प्रकरण पंजीबद्ध करने के लिए अभी वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन चाहा गया है, हरियाणा पुलिस चोरो को लेकर आई थी, यह तो पुरानी बात हो गई- राजेश दुबे, टीआई थाना बरही

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply