बरगवां इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण अग्निकांड, बारदाने के गोदाम में लगी आग से,शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, फायर ब्रिगेड की तीन दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया आग पर काब
कटनी। शहर के बरगवां स्थित इंडस्ट्रियल एरिया प्लॉट क्रमांक 75/112 मछली पालन केंद्र के पीछे शुक्रवार की रात्रि एक और बड़ा अग्निकांड सामने आया। यहां बारदाना व्यवसायी फर्म भावनदास घुमणमल के गोदाम में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना रात्रि करीब 9 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोदाम में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में बारदाना रखा हुआ था। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। बारदाना ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और गोदाम में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें देखकर आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकल विभाग की तत्परता से आग को नियंत्रित करने में मदद मिली।
15 से 12 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
इस अग्निकांड में गोदाम में रखा लगभग 15 से 12 लाख रुपये का बारदाना जलकर पूरी तरह खाक हो जाने का अनुमान है। घटना से व्यवसायी को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। जिस सामान को व्यवसायी ने मेहनत और पूंजी लगाकर संजोया था, वह कुछ ही समय में आग की भेंट चढ़ गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा और अग्निशमन इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल इस अग्निकांड के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। लाखों रुपये का माल जलकर राख होने से व्यवसायी को बड़ा झटका लगा है।












