बड़ी खबर: भारत में पाक उच्चायोग से तीर्थयात्रियों के पासपोर्ट गायब
नई दिल्ली। पाकिस्तान उच्चायोग से 23 भारतीय तीर्थयात्रियों के पासपोर्ट गायब होने से सनसनी मच गई है। खबरों के मुताबिक, भारतीय विदेश मंत्रालय भी इस मामले पर गंभीर नजर आ रहा है।
पासपोर्ट के गायब होने से देश की सुरक्षा को बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। हालांकि अभी तक इन पासपोर्ट के गायब होने के पीछे किसी आतंकी साजिश के होने की बात सामने नहीं आई है।
बता दें कि ये सभी पासपोर्ट उन सिख तीर्थयात्रियों के हैं, जो पाकिस्तान में मौजूद विभिन्न गुरुद्वारों में यात्रा के लिए जाने वाले थे।
इनमें से एक करतारपुर साहिब भी है, जिसके लिए पिछले महीने ही भारत और पाकिस्तान में गलियारे के निर्माण का शिलान्यास किया गया था। भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से पासपोर्ट विभाग को इस मामले में तुरंत उचित कदम उठाने के लिए कहा गया है।
विदेश मंत्रालय के सामने पूरा मामला सामने आने के कई लोगों ने पुलिस में पासपोर्ट गायब होने की एफआइआर दर्ज कराई है।
मंत्रालय अब इन सभी पासपोर्ट्स को रद करने की तैयारी में है, ताकि गलत हाथों में जाने के बाद उनका दुरुपयोग ना हो सके।

