बंदूक लहराने वाले आशीष का सरेंडर, कोर्ट ने एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
नई दिल्ली। आशीष ने आरोप लगाया कि उनका मीडिया ट्रायल किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि उस स्थिति में वह पीड़ित थे और सिर्फ नेता का बेटा होने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है.
राजधानी दिल्ली स्थित हयात होटल में सरेआम पिस्टल लहराने और दंबगई दिखाने के मामले में फरार चल रहे पूर्व बसपा सांसद के बेटे आशीष पांडेय ने दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. आशीष के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था. कोर्ट ने आशीष को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. दिल्ली पुलिस ने कोर्ट से चार दिन की रिमांड मांगी थी.
सरेंडर से पहले जारी वीडियो में आशीष ने कहा कि उन्हें वांछित आतंकी की तरह दिखाया जा रहा है और पुलिस पूरे देश में उनकी तलाश कर रही है. आशीष ने कहा, “मेरे खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है. अगर आप सीसीटीवी फुटेज देखें तो मालूम चलेगा कि उस रात लेडीज टॉयलेट में कौन गया था और किसने-किसको धमकाया था.”
आशीष ने कहा, “मैं सुरक्षा के लिए अपने साथ बंदूक रखता हूं. मैंने इसका इस्तेमाल धमकाने के लिए नहीं किया. मैंने हमेशा इसे पीछे रखा. मैंने उस लड़की को भी कुछ नहीं कहा, उसने ही मुझे धक्का दिया और भद्दे इशारे किए. मुझे कानून में विश्वास है और इसीलिए मैंने सरेंडर का फैसला लिया है. मेरा कोई आपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं है.”
नेता का बेटा होना अपराध नहीं है – आशीष
आशीष ने आरोप लगाया कि उनका मीडिया ट्रायल किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि उस स्थिति में वह पीड़ित थे और सिर्फ नेता का बेटा होने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है.
आशीष ने कहा, “नेता का बेटा होने अपराध नहीं है. मेरे खिलाफ कोई केस भी नहीं है. पिछले 20 साल से मेरे पास हथियार है. मैं सरेंडर करूंगा और चाहता हूं कि मीडिया होटल के सीसीटीवी फुटेज को देखे.”
गौरतलब है कि दिल्ली के पांच सितारा होटल में गुंडागर्दी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक युवक महिला को पिस्टल के बल पर धमकाता नजर आ रहा है. वीडियो में होटल के सुरक्षाकर्मी तमानबीन खड़े दिखाई दे रहे हैं.
इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ लोगों के बीच-बचाव के बाद ये शख्स अपनी कार मे वापस आकर बैठ गया, लेकिन उसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और आरोपी शख्स ने महिला को न सिर्फ गंदी गलियां दीं बल्कि अगले दिन देख लेने की धमकी भी दी.