jabalpur

प्लास्टिक गोदाम में लगी भीषण आग, चंद मिनट में 40 लाख का माल खाक

जबलपुर.रानीताल क्षेत्र में देर रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब प्लास्टिक गोदाम में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में भीषण रुप धारण कर दिया, आसमान छूने को बेताब आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. जिससे गोदाम में रखा करीब 40 लाख रुपए का माल जलकर खाक हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही दमकल के एक-एक कर चार वाहन पहुंचे, जिन्होने आग पर काबू पा लिया. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत व्याप्त रही, यहां तक कि आसपास बस्ती में रहने वाले लोग देर रात घरों के बाहर ही रहे.

दमकल सूत्रों के अनुसार रानीताल बस्ती के पास ही अनिल गुप्ता नामक व्यक्ति का प्लास्टिक गोदाम है, जहां पर सभी प्रकार के प्लास्टिक के सामान स्टाक किए जाते है, बीती देर रात जब कर्मचारी गोदाम में सारा सामान जमाकर ताला लगाने की तैयारी कर रहे थे, इस दौरान ही गोदाम में आग लग गई, कर्मचारी कुछ समझ पाते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया, धू-धू कर जल रहे प्लास्टिक से आग की लपटें दिखाई देने लगी, जिससे आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर आ गए, जिन्होने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन उस वक्त तक आग विकराल रुप धारण कर चुकी थी, जिसने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया.

आसमान को छूने बेताब आग की लपटें देख रानीताल बस्ती क्षेत्र में रहने वाले लोगों में अफरातफरी मच गई, यहां तक कि लोग घरों से बाहर निकलकर दूर चले गए. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही एक के बाद एक, चार दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए, जिन्होने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. दमकल सूत्रों की माने तो आगजनी की घटना में गोदाम में रखा करीब 40 लाख रुपए का माल जलकर खाक हो गया है, आग लगने का कारण अज्ञात है.

Leave a Reply

Back to top button