प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामे के बाद रेशमा पटेल ने कांग्रेस-पाटीदार नेताओं पर लगाया यह अारोप

अहमदाबाद। हाल ही में भाजपा में शामिल हुईं रेश्ामा पटेल ने कांग्रेस और पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के सदस्यों पर उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस बाधित करने का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि सोमवार को अहमदाबाद में रेशमा अपने साथी वरुण पटेल के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही थीं, तभी वहां जमकर हंगामा हुआ था।
रेशमा ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘मैं शांतिपूर्ण तरीके से बात कर रही थी, तभी वहां आए पांच-छह कांग्रेस एजेंट ‘जय सरदार’ के नारे लगाने लगे और कहा कि वे पूरे गुजरात में विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। मगर हम उनसे नहीं डरने वाले।’
रेशमा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी आंदोलनकारियों को खरीदती है और उन्हें विरोध-प्रदर्शन के लिए भेजती है। उन्होंने कहा, ‘वे हिंसा करते हैं और गुजरात की जनता को डराते हैं। राज्य के लिए भाजपा ने जो कुछ भी किया है, उसे उन्हें ‘लॉलीपॉप’ कहने का कोई अधिकार नहीं है।’
रेशमा ने यह भी कहा कि उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस पाटीदार नेता हार्दिक पटेल के बारे में जनता को सतर्क करने की एक कोशिश थी।








