पौष्टिक आहार के प्रति विद्यार्थियों ने किया जागरूक
महाविद्यालय में लगाए पौष्टिक व्यंजनों के 10 स्टॉल, विद्यार्थियों ने दिए स्वस्थ जीवन के संदे
कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेई की अध्यक्षता में पोषण आहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला संगठक डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधुरी गर्ग के नेतृत्व में आयोजित हुआ। शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
पोषण आहार प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पौष्टिक व्यंजनों से संबंधित करीब 10 स्टॉल लगाए। इनमें अंकुरित चना, सलाद, फ्रूट सलाद, साबूदाना खिचड़ी, सोयाबीन बड़ी के पकौड़े सहित विभिन्न पौष्टिक व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने स्टॉल के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शरीर के समुचित विकास और स्वस्थ जीवन के लिए विटामिन, खनिज एवं अन्य पोषक तत्वों का संतुलित सेवन आवश्यक है।
जिला संगठक डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने भोजन में पौष्टिक आहार के साथ सलाद और मोटे अनाज को शामिल करना चाहिए। इससे शरीर स्वस्थ और मजबूत रहता है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधुरी गर्ग ने कहा कि संतुलित आहार में शरीर के विकास, ऊर्जा और स्वस्थ रहने के लिए आवश्यक सभी पोषक तत्व मौजूद होते हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। उन्होंने युवाओं को जंक फूड से दूरी बनाकर पौष्टिक भोजन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में भारती वर्मन, लक्ष्मी रैदास, नमिता सिंह, सोनल, लक्ष्मी तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में डॉ. माधुरी गर्ग ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।




















