नई दिल्ली। पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी का 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली. वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे. पिछले एक साल से उनकी तबीयत काफी नाजुक थी और पिछले कुछ महीनों से तो तिवारी अस्पताल में ही भर्ती थे. वे तीन बार उत्तर प्रदेश और एक बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे. इसके अलावा उन्होंने राज्यपाल का पद भी संभाला.
वे केंद्र में राजीव गांधी कैबिनेट में वित्त व विदेश मंत्री भी रहे. वह पहली बार 1976 में पहली बार सीएम बने थे. संयोग से आज उनका जन्मदिन भी था. उनकी गिनती कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में होती थी. उनके परिवार में उनकी पत्नी और बेटा है.
वे अभी तक उत्तराखंड के इकलौते मुख्यमंत्री थे जिन्होंने अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा किया था. कांग्रेस में शामिल होने से पहले उन्होंने आजादी की लड़ाई में भी हिस्सा लिया था.

