पर्युषण पर्व से एक दिन पहले जैन मंदिर में चोरी,छत की एलवेस्टर सीट तोड़कर घुसे बदमाश, अष्टधातु का छत्र सहित कीमती सामान पार; तीन साल पहले भी हुई थी चोरी

पर्युषण पर्व से एक दिन पहले जैन मंदिर में चोरी,छत की एलवेस्टर सीट तोड़कर घुसे बदमाश, अष्टधातु का छत्र सहित कीमती सामान पार; तीन साल पहले भी हुई थी चोर
कटनी/रीठी। पर्युषण पर्व की शुरुआत से ठीक एक दिन पहले चोरों ने रीठी थाना क्षेत्र के बड़गांव स्थित श्री तारण तरण दिगम्बर जैन मंदिर को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश मंदिर की छत पर लगी एलवेस्टर सीट तोड़कर अंदर दाखिल हुए और दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी दानराशि सहित अष्टधातु से निर्मित छत्र एवं अन्य कीमती सामग्री चोरी कर ले गए। धार्मिक स्थल में दोबारा हुई चोरी की घटना से जैन समाज में आक्रोश है।
घटना सलैया पुलिस चौकी क्षेत्र की है। मंगलवार सुबह मंदिर समिति और समाजजनों को चोरी की जानकारी लगी, जिसके बाद तत्काल सलैया पुलिस चौकी एवं रीठी थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पर्व से पहले चोरी से आस्था को पहुंची ठेस
जैन समाज के अनुसार बुधवार 16 सितंबर से आत्मशुद्धि के पावन पर्व राज पर्युषण की शुरुआत हो रही है। पर्व को लेकर मंदिर में तैयारियां चल रही थीं। ऐसे समय धार्मिक स्थल में चोरी की घटना सामने आने से समाजजनों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इसी मंदिर में करीब तीन वर्ष पूर्व 7 दिसंबर को भी चोरी की घटना हुई थी। समाजजनों के मुताबिक पिछली घटना में भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, जिससे इस बार की वारदात के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
फिंगर प्रिंट और खोजी श्वान से जुटाए सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट एवं खोजी श्वान दल की मदद ली। टीम ने मंदिर के भीतर और आसपास से संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
धार्मिक स्थल में हुई इस चोरी ने क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। समाजजनों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है।








