पन्ना मोड़, मिशन चौक, माधवनगर चौराहा और सुभाष चौक में मतगणना परिणाम देखनें के लिए लगेंगे टीवी स्क्रीन

Election: पन्ना मोड़, मिशन चौक, माधवनगर चौराहा और सुभाष चौक में मतगणना परिणाम देखनें के लिए लगेंगे टीवी स्क्रीन। मतगणना कर्मियों का तृतीय रेंडमाइजेशन सुबह 5 बजे होगा, जिले में 17 नवंबर को चारों विधानसभा क्षेत्रों में हुए शांतिपूर्ण मतदान के जनादेश का वक्त आ गया है। मतगणना का काउंट डाउन शुरू हो गया है। मतगणना रविवार 3 दिसंबर को कृषि उपज मंडी पहरूआ में होगी। इसके साथ ही जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे 57 प्रत्याशियों का मतदान दिवस 17 नवंबर से ईवीएम मशीनों में बंद किस्मत का फैसला रविवार की मतगणना में हो जाएगा। मतगणना कार्य शांतिपूर्ण प्रक्रिया से संपादित करने समूची मतगणना परिसर के लिए धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है, जो मतगणना की अंतिम प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहेगी।
मतगणना की सभी तैयारियां पूरी, मतगणना परिसर कृषि उपज मंडी के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात
मतगणना कर्मियों का मतदान दिवस 3 दिसंबर रविवार को सुबह 5 बजे तृतीय रेंडमाइजेशन किया गया। जिसमें मतगणना कर्मियों को गणना टेबिल का आवंटन किया जाएगा।मतगणना सुबह 8ः00 बजे से होगी। इसके लिए सुरक्षा सहित सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रेक्षकों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम से डाक मत पत्र और एवं ईव्हीएम मशीनें निकाली जाएंगी।
मतगणना के लिए करीब साढ़े तीन सौ से अधिक कर्मचारियों और सुरक्षा व्यवस्था के लिए 600 से अधिक सशस्त्र पुलिस बल और जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति के लिए भी कर्मचारी तैनात हैं।पूरे मतगणना परिसर के चप्पे-चप्पे पर कड़ी और मुस्तैद सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवि प्रसाद स्वयं पिछले कई दिनों से मतगणना की सभी जरूरी व्यवस्थाओं की निगरानी करते आए हैं। श्री प्रसाद ने मतगणना स्थल के कोने -कोने में भ्रमण कर एक -एक व्यवस्था का बारीकी से मुआयना किया है।
यहां देखें जा सकेंगे परिणाम
रविवार को सुबह आठ बजे से पोस्टल बैलेट (डाकमत पत्र) की गिनती शुरु होगी।उसके आधे घंटे बाद ईवीएम में दर्ज मतों की गणना होगी। पोस्टल बैलेट की गणना समाप्त होने के बाद हर उम्मीदवार को मिले डाक मतों की घोषणा की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://results.eci.gov.in और वोटर हेल्पलाइन एप पर देखे जा सकेंगे। वोटर हेल्पलाइन एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा। इसके अलावा https://ceomadhyapradesh.nic.in पर भी मतगणना के परिणाम प्रदर्शित किये जाएंगे।
57 प्रत्याशी हैं मैंदान में
जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों से चुनावी संग्राम में 57 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।बडवारा विधानसभा क्षेत्र से सबसे कम 8 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि विजय राघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र से 13 अभ्यर्थी और मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र एवं बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र से क्रमशः 18 -18 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।
रिकार्ड 77 प्रतिशत हुआ मतदान
जिले के चुनाव इतिहास में पहली बार जिले के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया और अपने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए 77.03 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान कर नया कीर्तिमान स्थापित किया और लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। जिले में 17 नवंबर को हुए मतदान में जिले के 7 लाख 58 हजार 784 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इसमें 3 लाख 89 हजार 815 पुरुष और तीन लाख 68 हजार 961 महिला मतदाताओं सहित आठ अन्य मतदाता शामिल है।
प्रवेश हेतु दो गेट
मतदान प्रांगण में मीडियाकर्मियों, अभ्यर्थियों ,निर्वाचन अभिकर्ता ,गणना अभिकर्ताओं को गेट नंबर एक मुख्य प्रवेश द्वार से प्रवेश मिलेगा। जबकि अधिकारियों और कर्मचारियों को गेट नंबर दो से प्रवेश मिलेगा। लेकिन प्रवेश केवल प्रवेश पत्र धारकों को ही मिलेगा।
मीडिया सेंटर में है मोबाइल फोन की अनुमति
मीडियाकर्मियों के लिए मीडिया सेंटर तक मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति है। वहीं अभ्यर्थी, निर्वाचन अभिकर्ता, गणना अभिकर्ता, जिन्हें प्रवेश पास जारी किया गया है। उन्हें गेट नंबर एक मुख्य प्रवेश द्वार से मीडिया सेंटर के बाज़ू में बने सार्वजनिक उपयोग कक्ष तक मोबाइल सहित प्रवेश की अनुमति होगी। लेकिन मतगणना हाल में जाने के पूर्व मोबाइल फोन सार्वजनिक उपयोग कक्ष में मोबाइल जमा काउंटर में जमा करना होगा।
यहां लगेंगे टीवी स्क्रीन
कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश के बाद नगर निगम सीमा क्षेत्र में पन्ना मोड़, मिशन चौक, माधवनगर चौराहा और सुभाष चौक में मतगणना परिणाम टीवी ट्रेंड के प्रसारण का प्रबंध किया गया है।
मतगणना के दिन शुष्क दिवस घोषित
विधानसभा निर्वाचन- 2023 के अंतर्गत 3 दिसम्बर को मतगणना होगी। इसी के मद्देनजर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अवि प्रसाद ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के प्रावधानों के तहत मतगणना दिवस को सम्पूर्ण जिले में शुष्क दिवस घोषित किया है। इस दौरान जिले में सम्पूर्ण दिवस के लिए समस्त कम्पोजिट मदिरा दुकानें, रेरेस्तां बार (एलएफ 2) तथा स्टोरेज देशी मदिरा भंडारागाह कटनी को बंद रखा जायेगा।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच डाक मतपत्र पहुंचे मतगणना स्थल के स्ट्रांग रूम
जिला प्रशासन और पुलिस की पुख्ता इंतजाम के साथ शनिवार को डाक मतपत्रों को जिला कोषालय से निकाला गया। कलेक्टर श्री अवि प्रसाद,सभी रिटर्निंग अधिकारी,चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थियों, अभिकर्ताओं की उपस्थिति में डाक मतपत्रों को जिला कोषालय के डबल लॉक से मतगणना के स्ट्रांग रूम पहुंचाया गया। वाहनों के काफिले के साथ कलेक्टर श्री प्रसाद सहित उपजिला निर्वाचन अधिकारी साधना परस्ते और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।








