दिन भर की खबर यशभारत पर; खंडवा में रुके 4 जमाती निकले कोरोना वायरस पॉजिटिव, सीएम शिवराज करेंगे बीजेपी जिलाध्यक्षों से बात,
MP News Live Updates : मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण मरीजों की 350 के ऊपर पहुंच गई है। देर रात आई रिपोर्ट में छिंदवाड़ा में दो और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। मालवा-निमाड़ अंचल में भी कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। खंडवा की मक्का मस्जिद में रुके हुए जमात के 17 में से 4 व्यक्ति पॉजिटिव मिले। देवास जिले में भी तीन मरीजों में इसकी पुष्टि हुई, जिनमें से दो देवास शहर और एक हाटपिपलिया का है। धार से भी एक कोरोना संक्रमित मरीज सामने आया है। उधर रायसेन में कोरोना पॉजिटिव मरीज के इलाके में लोगों की स्क्रीनिंग जाएगी। सीएम शिवराज सिंह चौहान आज भाजपा जिला अध्यक्षों और विधायकों से फोन पर चर्चा करेंगे।
इंदौर में एक डॉक्टर की मौत
इंदौर में गुरुवार सुबह शहर के एक प्रतिष्ठित डॉक्टर की मौत हुई है। वे कोरोना वायरस इलाज के लिए आरक्षित अरविंदो अस्पताल में भर्ती थे। हालांकि इंदौर मेडिकल कॉलेज या जिला प्रशास ने अभी तक कोरोना से उनकी मौत की पुष्टि नहीं की है। इस दौरान देवास जिले में भी एक मरीज की मौत की खबर आ रही है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
शहडोल में कर्फ्यू के चलते इस तरह की नजर आ रही तस्वीर
शहडोल जिले में आज कर्फ्यू लागू है सुबह से ही पुलिस के अधिकारी सड़कों पर आवाजाही कर लोगों पर नजर रख रहे हैं। शहर के सभी चौराहों पर पुलिस बल तैनात है, आने-जाने वालों को पूरी तरह से रोक कर रखा जा रहा है। उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है, कर्फ्यू के लागू होने से अधिकांश लोग घरों में ही हैं इक्का-दुक्का लोग जो सड़कों पर निकल रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र शुक्ला जिले में लगातार थाना प्रभारियों से संपर्क बना रहे हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
रायसेन में जहां मिला कोरोना का मरीज, वहां लोगों की स्क्रीनिंग
रायसेन शहर में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पॉजिटिव पाए गए युवक के मोहल्ले गवोई पुरा को चारों तरफ से देर रात सील किए जाने के बाद गुरुवार सुबह आसपास के लोगों की स्क्रीनिंग होगी। मरीज के पत्नी, बच्चों और बड़े भाई के परिवार सहित 13 सदस्यों को क्वारेंटाइन किया गया है। मोहल्ले में सेनिटाइजेशन किया जा रहा। पॉजिटिव केस सामने आने के बाद कलेक्टर ने आगामी आदेश तक शहर में कर्फ्यू घोषित कर दिया है।
खंडवा की मक्का मस्जिद में रुके 17 में से 4 जमाती निकले कोरोना पॉजिटिव
खंडवा जिले में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मरीजों की संख्या 5 हो गई है। इनमें से पहला मरीज 34 वर्ष का है, जिसे 3 दिन से बुखार था। उसका पिता सऊदी अरब से 12 मार्च को लौटा था। मरीज की हालत अभी स्थिर है। इसके माता-पिता के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। कलेक्टर तन्वी सुन्द्रियाल ने बताया कि इसके अलावा खंडवा की मक्का मस्जिद में रुके हुए जमात के 17 में से 4 व्यक्ति भी पॉजिटिव पाए गए हैं। शेष की रिपोर्ट नेगेटिव है। ये कर्नाटक के रहने वाले हैं। इन सभी प्रकरणों की जानकारी मिलते ही इनके निवास व आसपास के स्थल को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने गुरुवार सुबह से टीम बनाकर सर्वे शुरू कर दिया है।
छिंदवाड़ा में बढ़े कोरोपा पॉजिटिव मरीज
छिंदवाड़ा में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर चार हो चुकी है। इनमें से एक युवक की मौत हो चुकी है। तीन पोजिटिव को आइसोलेशन में रखा गया है। जिसमें मृतक के पिता, दीदी और जीजा शामिल है। मृतक इंदौर में वाणिज्य कर विभाग में पदस्थ था और छिंदवाड़ा का ही रहने वाला था। वो 19 मार्च को छिंदवाड़ा आया था। मृतक युवक के संपर्क में आने से ये तीनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए। यह सब लोग मृतक के संपर्क मे आए हुए थे। जैसे ही मृतक किशनलाल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी उसके पश्चात ही प्रशासन ने उसके संपर्क में आए सभी लोगों को कवारेंटाइन कर दिया था और सैंपल ले कर जबलपुर भेजा गया था। कुल 52 सैंपल जबलपुर लैब पहुंचाए गए थे। उसमे से आज 12 लोगों के रिपोर्ट प्राप्त हुई है जिसमे 10 लोग नेगेटिव एवं 2 लोग पॉजिटिव आये है। बाकी की रिपोर्ट आने अभी शेष है। एडीएम राजेश बाथम ने बताया कि दोनों कोरोना पोजिटिव मरीज मालवाड़ा के निवासी हैं।

