Monday, May 25, 2026
Latest:
Latest

थाइलैंड की गुफा में फुटबॉल खिलाड़ियों को बचाने वाला थाई नौसैनिक हार गया जिंदगी की जंग

बैंकाक। थाइलैंड में पिछले साल पानी से भरी गुफा से युवा फुटबॉल खिलाड़ियों की टीम को बचाने वाले नौसैनिक की खून में संक्रमण के चलते निधन हो गया है। बचाव अभियान के दौरान ही नेवी सील का खून संक्रमित हो गया था और एक साल से उनका इलाज चल रहा था। थाइलैंड की नौसेना ने शुक्रवार को अपने फेसबुक पर जारी बयान में कहा है कि पेटी अफसर बेरुत पकबारा पिछले साल गुफा से 12 युवा खिलाड़ियों और उनके कोच को बाहर निकालने के दौरान ही खून में संक्रमण के चलते बीमार पड़ गए थे। पिछले एक साल से डॉक्टरों की सघन निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ती गई और शुक्रवार को उनका निधन हो गया।

नौसेना ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। बेरुत के गृह प्रांत सैटन के एक अधिकारी ने बताया कि इस्लामिक रीति रिवाज के मुताबिक शुक्रवार को ही उन्हें दफना दिया गया। बता दें कि थाइलैंड की नौसेना के एक अन्य नौसैनिक समन गुनान की भी बचाव कार्य के दौरान ही मौत हो गई थी। गुफा में फंसे खिलाड़ियों तक एयर पाइपलाइन बिछाने के दौरान उनका ऑक्सीजन खत्म हो गया था। गुफा के सामने शहीद समन गुनान की प्रतिमा लगाई गई है। उन्हें नमन करने घटना केबाद से अब तक वहां 13 लाख लोग गए हैं।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply