#MP Vidhansabha Electionsराष्ट्रीय

ट्विटर पर तीखी बहस में महबूबा को गंभीर ने किया बोल्‍ड, तो बोली मुफ्ती…

न्‍यूज डेस्‍क। हाल ही में भाजपा में शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर की कश्मीर मुद्दे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के साथ ट्विटर पर तीखी बहस हो गई। क्रिकेट की पिच पर आक्रामक खेल दिखाने वाले गंभीर ने महबूबा को उसी अंदाज में जवाब दिया। इससे तिलमिलाई महबूबा ने गंभीर को ट्विटर पर ब्लॉक कर दिया, जिसके बाद इस बहस का अंत हुआ।  

हाल ही में पीडीपी नेता ने अनुच्छेद 370 को हटाने जाने को लेकर कहा था कि अगर ऐसा होता है तो इसका मतलब है कि भारत का संविधान जम्मू-कश्मीर में लागू नहीं होगा और अगर भारतीय इसे नहीं समझते हैं तो वे ‘गायब’ हो जाएंगे और उनकी कहानी का अंत हो जाएगा। इस पर जवाब देते हुए गंभीर ने ट्वीट किया, ‘यह भारत है, आपकी तरह कोई दाग नहीं, जो गायब हो जाएगा।

पूर्व क्रिकेटर के इस बयान पर महबूबा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘उम्मीद है कि भाजपा में आपकी राजनीतिक पारी आपके क्रिकेटर करियर की तरह बेहद छोटी नहीं रहेगी।’

गंभीर ने जवाब दिया, ‘ओह, आपने मेरे ट्विटर हैंडल को अनब्लॉक कर दिया। मेरे ट्वीट का जवाब देने में आपको 10 घंटे लगे। बहुत धीमा। यह आपके व्यक्तित्व में गहराई की कमी को दर्शाता है। कोई आश्चर्य नहीं कि आप इन मुद्दों को सुलझाने के लिए संघर्ष कर रही हैं।’

महबूबा बोलीं, कहीं और जाकर ट्रोलिंग करो 
महबूबा ने गंभीर को जवाब देते हुए कहा कि मैं आपके मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हूं। आपको ब्लॉक कर रही हूं ताकि आप दो रुपये प्रति ट्वीट के हिसाब से कहीं और जाकर ट्रोलिंग कर सकें। 

गंभीर का जवाब, एक अरब भारतीयों को कैसे ब्लॉक करेंगी 
गंभीर ने कहा, ‘धन्यवाद मैडम, एक व्यक्ति विशेष द्वारा ब्लॉक करने के बेहद खुशी हुई। वैसे इस ट्वीट को करते समय 1,365,386, 456 भारतीय मौजूद हैं, उन्हें कैसे ब्लॉक करेंगी।’

उमर अब्दुल्ला से भिड़ चुके हैं गंभीर 
इससे पहले, गौतम गंभीर कश्मीर की स्वायत्तता के मुद्दे पर उमर अब्दुल्ला से भी भिड़ चुके हैं। हाल ही में नेशनल कांफ्रेंस के नेता ने कहा था कि उनकी पार्टी जम्मू कश्मीर की स्वायत्तता को बहाल करने का प्रयास करेगी, जिसमें राज्य का अलग प्रधानमंत्री होगा। 

Leave a Reply

Back to top button