ट्रेन में 60 रुपये की मूंगफली खाकर छिलके फेंकना पड़ा भारी, छह यात्रियों से वसूला गया 2,400 रुपये जुर्माना

train jurmana

ट्रेन में 60 रुपये की मूंगफली खाकर छिलके फेंकना पड़ा भारी, छह यात्रियों से वसूला गया 2,400 रुपये जुर्माना

मुरैना। रेलवे द्वारा चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता एवं टिकट जांच अभियान के दौरान ट्रेन के स्लीपर कोच में गंदगी फैलाना छह यात्रियों को काफी महंगा पड़ गया। महज 60 रुपये की मूंगफली खाकर उसके छिलके कोच के फर्श पर फेंकने के मामले में रेलवे की चेकिंग टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्रत्येक यात्री पर 400 रुपये के हिसाब से कुल 2,400 रुपये का जुर्माना लगाया है।

किलेबंदी टिकट चेकिंग अभियान में 1.52 लाख का राजस्व गुरुवार को मुरैना रेलवे स्टेशन पर उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिरुद्ध कुमार के निर्देश पर विशेष किलेबंदी (फोर्ट्रेस) टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। झांसी से आई रेलवे की विशेष टीम ने स्टेशन से गुजरने वाली 10 प्रमुख ट्रेनों के स्लीपर व अन्य कोचों के साथ-साथ प्लेटफार्मों पर भी सघन जांच की।

177 मामलों में हुई कार्रवाई इस पूरे अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने, अनियमित टिकट रखने और गंदगी फैलाने के कुल 177 मामले पकड़े गए। रेलवे प्रशासन ने इन सभी मामलों में नियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 1 लाख 52 हजार 750 रुपये का राजस्व अर्जित किया है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट लेकर ही सफर करें और ट्रेन व स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखें।