jabalpur

ट्रेन में भी तय से ज्यादा सामान मिला तो होगा जुर्माना

जबलपुर। आम तौर पर ट्रेनों में कई यात्री अपने तय सामान से ज्यादा सामान लेकर सफर करते हैं। कोच में उनका यह लगेज अन्य यात्रियों के लिए परेशानी खड़ी करता है। स्टेशन पर उतरने और ट्रेनों में चढ़ने वाले यात्रियों को इसकी वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

लेकिन अब हवाई यात्रा की तरह ट्रेन में भी तय लगेज से ज्यादा पाए जाने पर जुर्माना लगाया जाएगा। इतना ही नहीं चैकिंग के दौरान अगर बहुत ज्यादा सामान यात्रा के दौरान पाया जाता है, तो कार्रवाई कर यात्रा के दौरान मय सामान के स्टेशन पर उतार भी दिया जाएगा।

रेलवे प्रशासन द्वारा लगेज नियमों में परिवर्तन किया जा रहा है। इसके चलते अब चैकिंग के दौरान तय वजन से अधिक सामान पाया गया, तो यात्री से पार्सल चार्ज या 50 रुपए जुर्माना वसूल किया जाएगा।

बहुत अधिक सामान व व्यवसायिक लगेज पकड़े जाने पर उसे स्टेशन पर उतार देने तक की कार्रवाई हो सकती है। आमतौर पर एसी कोच में लोअर बर्थ के नीचे एक साइड के तीनों यात्रियों का सामान रखा होना चाहिए, लेकिन कई यात्री दोनों लोअर बर्थ के नीचे अपना सामान जमा देते हैं।

इससे दूसरे यात्री परेशान होते हैं और उन्हें मजबूरन साइड लोअर बर्थ के नीचे सामान रखना पड़ता है। कई यात्रियों को तो अपनी बर्थ पर ही लगेज रखकर यात्रा करना पड़ती है। स्लीपर कोच में भी दोनों लोअर बर्थ के बीच की गैलरी कई दफा सामान से खचाखच भरी होती है।

एसी 1 में 15 किलो एवं अन्य सभी श्रेणियों में 10 किलो तक अतिरिक्त सामान की छूट रहेगी। इससे अधिक सामान मिलने पर जुर्माना वसूला जाएगा।

Leave a Reply

Back to top button