जबलपुर में चाकू की नोंक पर बदमाश अधिवक्ता की बाइक, मोबाइल और पर्स छीन ले गए

जबलपुर। दो बदमाशों ने चाकू अड़ाकर अधिवक्ता के साथ लूटपाट की। बदमाश अधिवक्ता की बाइक, मोबाइल और पर्स छीन ले गए। रांझी क्षेत्र अंतर्गत वीएफजे क्वार्टर में शनिवार देर रात इस वारदात को बदमाशों ने अंजाम दिया। रविवार सुबह अधिवक्ता ने रांझी थाने में लूट की एफआईआर कराई। साथी अधिवक्ताओं में घटना को लेकर आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से जल्द खुलासा करने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार मेजर किराना के पास रांझी निवासी 44 वर्षीय भगीरथ चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अधिवक्ता है। शनिवार की रात तहसील कार्यालय में काम होने के चलते निकलने में 11 बज गए थे। वह बाइक एमपी 20 एमडी 4986 से निकला था।
मस्ताना चौक के पास दो युवकों ने उसे रोक लिया। चाकू अड़ाकर एक बाइक के पीछे बैठ गया। दूसरा बाइक चलाकर बजरंग नगर वीएफजे क्वार्टर तक ले गया। वहां दोनों ने बाइक, मोबाइल और पर्स छीन कर फरार हो गए। पर्स में पांच हजार रुपए थे।
हुलिए के आधार पर पुलिस कर रही तलाश
पीडि़त भागीरथ के मुताबिक घटना से वह काफी डर गया था। पैदल ही रात में घर पहुंचा। सुबह साथी अधिवक्ताओं को खबर की। इसके बाद थाने एफआईआर दर्ज कराने पहुंचा। दो आरोपी 20 से 25 वर्ष की उम्र के रहे होंगे। एक नाटे कद का तो दूसरा लम्बा था। पुलिस हुलिए के आधार पर दोनों की पहचान करने में जुटी है।

Exit mobile version