जबलपुर के लिए आज राहत की खबर, 60 कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव, 2 और मरीज लगभग स्वस्थ

जबलपुर। दो दिन में दो पॉजीटिव मरीज मिलने के बाद जबलपुर में छाए चिंता के बादल आज कुछ कम हुए हैं। यहां आज 60 लोगों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 71 लोगों के सेम्पल भेजे गए थे। 11 रिपोर्ट अभी नहीं मिली हैं। एक यह भी अच्छी खबर है कि 2 और मरीज भी लगभग स्वस्थ हो चुके हैं।

कोरोना संक्रमितों की लगातार बढ़ रही संख्या के बीच गुरुवार को राहत भरी खबर आई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आईसीएमआर स्थित वायरोलॉजी लैब में 71 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट जांच के लिए भेजी गई थी। इनमें से 60 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 11 सैम्पल की जांच अंडर प्रोसेस है।

जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को 61 मरीजों के सैम्पल जांच के लिए भेजे थे। इसमें बुधवार रात पॉजिटिव आए मरीज के संपर्क में आए लोगों सहित एक अन्य पॉजिटिव मरीज ओए गुहा के परिजनों की रिपीट जांच शामिल है। कलेक्टर भरत यादव के अनुसार, अभी जिन 38 नमूनों की रिपोर्ट मिली है, उनमें पांच अंडर प्रोसेस हैं, 33 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। ओए गुहा के कुछ परिजनों के रिपीट टेस्ट की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। सुखसागर मेडिकल कॉलेज में क्वारंटाइन किए गए सुरेंद्र सोनी के परिजन के एक-दो दिन में रिपीट टेस्ट कराए जाएंगे। यहां अन्य क्वारंटाइन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

541 हाई रिस्क मरीज 
कलेक्टर ने बताया कि कंटेनमेंट एरिया को और व्यवस्थित किया जाएगा। इन कंटेनमेंट क्षेत्रों में 23 हजार 500 लोग रहते हैं। इनमें से 10 हजार 500 की जांच हो चुकी है। इनमें से 541 मरीज हाई रिस्क में हैं। शेष का सर्वे शुक्रवार रात तक कर लिया जाएगा। हाई रिस्क पेशेंट में 55 वर्ष से अधिक उम्र के लोग शामिल है। कलेक्टर ने बताया कि सिविल लाइंस क्षेत्र में मिला कोरोना पॉजिटिव मरीज स्वस्थ हो गया है। इसलिए कंटेन्मेंट एरिया हटा लिया गया है। यहां निगरानी जारी रहेगी।

दो और मरीज ठीक 
कलेक्टर यादव के अनुसार जिले में 13 कोरोना पॉजिटिव मरीज हैं। इसमें एक मरीज इंदौर का एनएसए कैदी है। इलाज के बाद छह मरीज ठीक हो चुके हैं। शेष दो भी ठीक होने की कगार पर है। जांच रिपोर्ट निगेटिव आने पर एक-दो दिन में उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

Exit mobile version