छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में कांग्रेस को बसपा का झटका

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने कांग्रेस को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में बड़ा झटका दिया है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के साथ गठबंधन में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। तो वहीं मध्यप्रदेश में 22 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर कमलनाथ की गठबंधन की मुहिम पर भी पानी फेर दिया है। इससे तय है कि मध्यप्रदेश में भी बसपा कांग्रेस के साथ तो फिलहाल जाने वाली नहीं है।
दरअसल जिन 22 सीटो पर बसपा ने उम्मीदवार घोषित किये उनमें से कई सीटें कांग्रेस की मजबूत सीटें है। स्वाभाविक है यहां बसपा के उतरने से कांग्रेस को सीधा नुकसान होगा।
बहरहाल इस कदम के बाद राज्य में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल गए हैं। वहीं अजित जोगी ने कहा कि अब हम मिलकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे।
बीएसपी चीफ मायावती ने प्रेस को जानकारी देते बताया कि बीएसपी 35 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ में 55 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अगर हम जीतेंगे, तो अजित जोगी मुख्यमंत्री होंगे।
दूसरी तरफ जोगी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 15 साल से भाजपा सत्ता में है। पैसे का दुरुपयोग,तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है, लेकिन हमारा गठबंधन राज्य में बड़ा परिवर्तन लाएगा।








