चिरायु अस्पताल के डायरेक्टर के परिवार के चार सदस्य हुए संक्रमित, जहांगीराबाद में फिर मिले 7 नए पॉजिटिव मरीज
भोपाल। राजधानी में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढते जा रहा है। कोरोना हर गली, हर मोहल्ले में अब अपनी दस्तक दे चुका है।
यहीं कारण है कि अब एक दिन में 200 से ज्यादा पॉजिटिव मरीज मिलना शुरू हो गए है। शनिवार को सर्वाधिक 221 नए पॉजिटिव मरीज मिल गए है। इसे मिलाकर शहर में अब संक्रमितों की संख्या 5618 तक पहुंच गई है।
शनिवार को चिरायु के डायरेक्टर डॉक्टर अजय गोयनका के परिवार के चार सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वही ई-3 अरेरा कॉलोनी में चार लोग संक्रमित पाए गए है।
जहांगीराबाद में एक बार फिर संक्रमितों का आंकडा बढना शुरू हो गया है। यहां शनिवार को सात लोगों की रिपोर्ट संक्रमित पाई गई है। 107 आरएएफ से 2 जवान संक्रमित पाए गए है। इसके अलावा सीआरपीएफ बंगरसिया, कटारा हिल्स, ईदगाह हिल्स, शाहजहांनाबाद, भेल, साकेत नगर, तुलसी नगर, पुराना भोपाल समेत कई क्षेत्रों में बडी संख्या में लोग पॉजिटिव पाए गए है।
इधर, कोरोना संक्रमण से तेजी से लोगों की जान जाना भी शुरू हो गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। इसे मिलाकर कोरोना से अब तक 151 मौत शहर में हो चुकी है। इधर, 80 कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ होकर अपने घर रवाना हो गए है।

