चार दिन से ज्यादा जोड़ों में दर्द तो हो जाएगा गठिया

इंदौर। अगर आपको तीन-चार दिन से बुखार है और जोड़ों में बहुत दर्द है तो एक बार क्लिनिक में दिखाने जरूर जाएं। सही इलाज नहीं हुआ तो भविष्य में गठिया भी हो सकता है। गुरुवार को एमवाय अस्पताल के मेडिसिन विभाग के बाहर इसी तरह का ऐलान किया जा रहा था। अगले सात दिन हड्डी तोड़ बुखार से पीड़ित मरीजों के उपचार के लिए अस्पताल में इसी तरह की व्यवस्था रहेगी।
एमवाय अस्पताल में हड्डी तोड़ बुखार से पीड़ित मरीजों के लिए ओपीडी के 124 नंबर कमरे में विशेष क्लिनिक शुरू किया गया। सुबह 11 से दोपहर 12 बजे के बीच 50 मरीज पहुंचे जो जोड़ों में असहनीय दर्द से पीड़ित थे। मेडिसिन विभाग के डॉ. संजय दुबे ने अपनी टीम के साथ मरीजों का परीक्षण किया। डॉक्टर के मुताबिक जिन मरीजों को 3-4 दिन बुखार और जोड़ों में अत्यधिक दर्द है उन पर ध्यान देना बहुत जरूरी है।
लगातार दो-तीन महीनों तक दर्द और सूजन बने रहने पर गठिया की आशंका बढ़ जाती है। सप्ताहभर में क्लिनिक में आने वाले मरीजों का पूरा रिकार्ड तैयार किया जा रहा है। दो महीने बाद इनकी फिर से स्थिति पता की जाएगी। अगर दो महीने बाद भी दर्द रहा तो उनमें गठिया की शुरुआत मानकर उपचार शुरू किया जाएगा। एमवायएच के सभी विभागों के डॉक्टरों को मरीजों में जोड़ों में दर्द की समस्या बताने पर क्लिनिक में भेजने की सलाह दी गई है।







