Tuesday, May 26, 2026
Latest:
Latestउत्तरप्रदेश

UP मऊ : घाघरा नदी में डूबी नाव, 15 लोग लापता

मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ के समीप घाघरा नदी में नाव पलटने से शनिवार दोपहर लगभग 15 लोग लहरों में बहकर लापता हो गए, जबकि पांच लोगों ने तैरकर जान बचाई। हादसा तहसील थाना क्षेत्र के देवारा में परसिया देवारा गांव के सामने देवरिया की सीमा के पास हुआ। घटना का कारण नाव का पीपा पुल से टकरा जाना बताया जा रहा है।

समाचार लिखे जाने तक मौके पर देवरिया प्रशासन द्वारा राहत व बचाव का कार्य जारी था। देर शाम तक लापता लोगों में से किसी का भी पता नहीं चल सका था। देवारा में देवरिया जनपद के परसिया देवार में घाघरा नदी पर लोगों के आने-जाने के लिए पीपा पुल लगाया गया है।

शुक्रवार को पानी भर जाने से पीपा डूब गया। इससे पुल पर पूरी तरह आवागमन ठप हो गया था। लोग नदी पार आने-जाने के लिए नाव का प्रयोग कर रहे थे।

शनिवार दोपहर लगभग एक बजे परसिया देवार में नदी किनारे लगी नाव करीब 20 लोगों को लेकर बरहज घाट देवरिया के लिए रवाना हुई। इसमें स्त्री पुरुष व बधो भी शामिल थे।

नदी के बीच में पहुंचते ही तेज हवा की जद में आने से नाव टूटे पीपा पुल के पास पहुंच गई। पीपा पुल से टकराकर नाव पलट गई। नाव के पलटते ही अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लगभग 15 लोग लापता हो गई।

गंगा में डूबी नाव, बालबाल बचे सवार-

बलिया जिले के नरहीं थाना क्षेत्र के कोटवानारायणपुर गांव के सामने बिहार की तरफ से शनिवार दोपहर में सवारियों को लेकर गंगा के इस पार आ रही नाव अचानक बीच नदी में डूब गई। नाविकों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बचा लिया गया। इस नाव में दर्जन भर लोग सवार थे। इसमें नौ लोग बैंड पार्टी के सदस्य थे।

हादसे के बाद प्रशासनिक अमला पूरी तरह से सक्रिय हो गया। कुछ ही घंटों में पुलिस ने स्थानीय नाविकों के सहयोग से डूबी नाव बरामद कर ली।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply