Site icon Yashbharat.com

ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता हेतु जिला पंचायत सीईओ ने समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

Screenshot 20230914 103449 WhatsApp

कटनी (YASHBHARAT.COM)।ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पत्र लिखकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत सीईओ ने समस्त ग्राम पंचायतों में हैंड पंपों के आसपास साफ सफाई रखते हुए नियमित अंतराल पर ब्लीचिंग पाउडर छिड़कने हेतु निर्देशित किया है। उन्होंने ग्रामों में संचालित पेयजल की उच्चस्तरीय टंकी एवं सम्पवेल की नियमित अंतराल पर साफ सफाई के साथ टंकी पर साफ सफाई कराए जाने का दिनांक अंकित किए जाने को कहा है। सुश्री कौर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से समन्वय स्थापित कर, तकनीकी मार्गदर्शन लेते हुए जल जीवन योजना के अंतर्गत निर्मित पाइपलाइन की लीकेज में तत्परता पूर्वक सुधार कार्य कराएं। उन्होंने कहा है कि ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराई गई FT किट (फील्ड टेस्ट किट) का उपयोग कर जल नमूनों का परीक्षण कराएं एवं विसंगति पाए जाने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को सूचित करें। नागरिकों को पेयजल से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में स्थापित जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07622- 225752 पर आम नागरिक सूचित कर सकेंगे। जिला पंचायत की सीईओ सुश्री कौर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देशों पर तत्परता पूर्वक अमल करने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version