katni

गांव की गलियों में गूंजा मतदाता जागरूकता संदेश, कलेक्टर अवि प्रसाद ने किया ग्रामीणों से संवाद

कटनी। कलेक्टर  अवि प्रसाद और पुलिस अधीक्षक  अभिजीत कुमार रंजन ने ग्राम उंचेहरा पहुंच कर ग्रामीणों से संवाद किया और यहां उंचेहरा बीच चौक वार्ड नंबर एक और दो से होते हुए मतदाता जागरूकता रैली गांव की आंतरिक गलियों से निकली। इसमें लोगों ने उत्साह पूर्वक भागीदारी की।

वहीं ढीमरखेड़ा विकास खण्ड का शासकीय हाई स्कूल बिचुआ शुक्रवार को मतदाता जागरूकता अभियान के भव्य आयोजन का साक्षी बना।

जहां कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवि प्रसाद, पुलिस अधीक्षक श्री अभिजीत कुमार रंजन और वनमंडलाधिकारी गौरव शर्मा सहित जिला पंचायत सीईओ श्री शिशिर गेमावत ने उपस्थित होकर ग्रामीणों को शत-प्रतिशत मतदान हेतु प्रेरित किया।

कलेक्टर श्री प्रसाद की मौजूदगी में सभी ग्रामीणो को स्वतंत्र, शांति पूर्ण और निर्भीक होकर, प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मताधिकार करने की मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई।

यहां शासकीय हाई स्कूल बिचुआ के परिसर में बच्चे, बुजुर्ग, वृद्ध सभी लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी के लिए उमंग से सराबोर और उत्साह से लबरेज ग्रामीणों के साथ कलेक्टर श्री प्रसाद सहित अन्य अधिकारी गांव की गलियों में निकली मतदाता जागरूकता रैली में शामिल हुए। जहां “सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो” के गगनभेदी नारों ने ग्रामीणों में मतदान अवश्य करने का जोश भर दिया। करीब दो किलोमीटर लंबी जागरूकता रैली में बच्चों और बुजुर्गो के उत्साह की कलेक्टर श्री प्रसाद ने सराहना की।

 

‌कलेक्टर श्री प्रसाद और पुलिस अधीक्षक ने बिचुआ निवासी बुजुर्ग विशाली सिंह और रंगे सिंह से बातचीत कर स्वास्थ्य का हाल-चाल पूछा और कहा – दादा वोटर आईडी कार्ड बना है।इस पर दोनों बुजुर्गो ने बताया कि -हां उनका वोटर आईडी कार्ड बना हुआ है, और वे मतदान भी करेंगे। इस पर कलेक्टर श्री प्रसाद ने मतदान के प्रति दोनों बुजुर्गो के जज्बे की सराहना की।

Back to top button