Monday, April 20, 2026
Latest:
Sportsक्रिकेट

कड़े संघर्ष के बाद भारत पहला टी20 जीता

कोलकाता। भारत को रविवार को विंडीज को पहले टी20 मैच में 5 विकेट से हराने में कड़ा संघर्ष करना पड़ा। कुलदीप यादव (3 विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के सामने विंडीज 8 विकेट पर 109 रन ही बना पाया। इसके जवाब में भारत ने 13 गेंद शेष रहते 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। इस जीत से भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। दूसरा टी20 मैच मंगलवार को लखनऊ में खेला जाएगा।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 16 रनों के अंदर उसके दोनों ओपनर आउट हो गए। ओशिन थॉमस ने पहले रोहित शर्मा (6) को विकेटकीपर रामदीन को कैच थमाया। थॉमस ने इसके बाद धवन (3) को बोल्ड किया। भारत अभी इन झटकों से उबरा भी नहीं था कि रिषभ पंत (1) ने ब्रैथवेट की गेंद पर लापरवाही भरा शॉट खेलकर विकेट गंवाया। केएल राहुल 16 रन बनाकर ब्रैथवेट की गेंद पर डीप बैकवर्ड स्क्वेयर लेग पर ब्रावो को कैच थमा बैठे। 45 रनों पर 4 विकेट के बाद दिनेश कार्तिक (31 नाबाद) के साथ मनीष पांडे (19) ने पांचवें विकेट के लिए 38 रन जोड़े। मनीष को पियरे ने चलता किया। इसके बाद कार्तिक और कृणाल पांड्या (21 नाबाद) ने जीत की औपचारिकताएं पूरी की।

भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। विंडीज को पहला झटका उमेश यादव ने दिया जब उन्होंने दिनेश रामदीन (2) को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। खलील की गेंद को शाई होप ने मिडविकेट की तरफ खेला और रन के लिए दौड़े, हेटमायर पहले तो रन के लिए दौड़े लेकिन वे राहुल को गेंद पर लपकते देख वापस अपनी क्रीज में लौटे। होप भी उनके छोर पर पहुंचे, इस बीच राहुल का थ्रो विकेटकीपर कार्तिक के उपर से निकला लेकिन मनीष पांडे ने गेंद पकड़कर होप को रन आउट किया। शिमरोन हेटमायर 10 रन बनाकर बुमराह की गेंद को हवा में खेल बैठे और विकेटकीपर कार्तिक ने कैच लपका।

वेस्टइंडीज की उम्मीदें किरोन पोलार्ड पर टिक गई थी लेकिन वे कृणाल पांड्या की गेंद पर लांग ऑन पर पांडे को कैच थमा बैठे। पोलार्ड ने कृणाल के पिछले ओवर में छक्का लगाया था। यह कृणाल का पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट हैं। इसके बाद कुलदीप ने डैरेन ब्रावो (5) को लांग ऑन पर धवन के हाथों झिलवाया। कुलदीप ने पॉवेल को चलता किया। फेबियन एलन 27 रन बनाकर खलील के शिकार बने। कुलदीप यादव ने 13 रनों पर 3 विकेट लिए।

भारत ने शनिवार को घोषित 12 सदस्यीय टीम में भुवनेश्वर कुमार को शामिल किया था लेकिन चोट लगने के कारण उनकी जगह उमेश यादव को शामिल किया। इसके अलावी 12 सदस्यीय टीम में से युजवेंद्र चहल को जगह नहीं मिली। भारत की तरफ से ऑलराउंडर कृणाल पांड्या और तेज गेंदबाज खलील अहमद ने इंटरनेशनल टी20 डेब्यू किया। कप्तान रोहित शर्मा ने इन्हें टी20 कैप प्रदान की। 20 वर्षीय खलील इससे पहले 6 इंटरनेशनल वनडे खेल चुके हैं जबकि कृणाल का यह पहला अंतरराष्ट्रीय मैच हैं। विंडीज टीम के तीन खिलाड़ियों ओशिन थॉमस, फेबियन एलन और खारी पियरे ने इंटरनेशनल टी20 डेब्यू किया। विंडीज की टी20 टीम में शाई होप शामिल नहीं थे लेकिन आंद्रे रसेल के चोटिल होकर सीरीज से बाहर होने की वजह से उन्हें भारत में ही रोकने का फैसला कर टी20 टीम में शामिल किया गया।

भारत और विंडीज के बीच रविवार को पहले टी20 मैच में रोमांचक संघर्ष देखने को मिलने की उम्मीद हैं। वेस्टइंडीज टीम जहां अपने कई प्रमुख खिलाड़ियों के बगैर उतरेगी, वहीं भारत को भी इस मैच में विराट कोहली और महेंद्रसिंह धोनी की कमी खलेगी। टीम इंडिया पहली बार अपनी धरती पर कोई टी20 टीम धोनी के बगैर खेलेगी।

भारत ने टेस्ट और वनडे सीरीज जीती थी और टीम जीत की लय को बनाए रखते हुए तीन मैचों की टी20 सीरीज भी जीतना चाहेगी। दोनों टीमें इस सीरीज में नए कप्तानों के साथ मैदान में होंगी। रोहित शर्मा और कार्लोस ब्रैथवेट कप्तान की भूमिका में होंगे। इस फॉर्मेट में वेस्टइंडीज का भारत के खिलाफ पलड़ा भारी रहा है और दोनों के बीच हुए 8 टी20 मैचों में से विंडीज ने 5 और भारत ने 2 मैच जीते हैं, इनके बीच 1 मैच रद्द हुआ था।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply