काबुल एयरपोर्ट पर फायरिंग के बाद भगदड़ से हालात, आज भारत की अध्यक्षता में अफगानिस्तान को लेकर UNSC की बड़ी बैठक

अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बीच काबुल एयरपोर्ट पर हजारों लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। कई देशों के राजनायिकों को भी काबुल एयरपोर्ट से ही बचाकर ले जाया जा रहा है। तालिबान के कब्जे के बाद ही काबुल एयरपोर्ट पर फायरिंग की खबर मिली है।
हालांकि, अभी तक गोलीबारी में किसी के जान जाने की जानकारी नहीं है लेकिन एयरपोर्ट पर हर तरफ भगदड़ के वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
दूसरी ओर, अफगानिस्तान में बिगड़ते हालात को देखते हुए आज संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई गई है, जिसकी अध्यक्षता भारत करेगा।
रविवार को काबुल पर तालिबानियों के कब्जे के बाद यह खबर मिली की राष्ट्रपति अशरफ गनी देश छोड़कर जा चुके हैं। इसके बाद से ही काबुल एयरपोर्ट पर देश छोड़कर जाने वालों की भीड़ लग गई है। हवाईअड्डे तक जाने वाली सभी सड़कें तक भारी ट्रैफिक से भरी पड़ी दिख रही हैं।
अफगानिस्तान के ‘टोलो’ न्यूज की खबर के अनुसार गनी और उनके करीबी साथी लगभग सभी बड़े शहरों और प्रांतीय राजधानियों पर तालिबान के कब्जे और राजधानी काबुल में उसके प्रवेश के बाद देश छोड़कर चले गए हैं। काबुल से मिली खबरों के अनुसार, तालिबान के लड़ाकों ने शहर के बाहरी इलाकों में प्रवेश कर लिया है जिससे निवासियों में डर और घबराहट पैदा हो गयी है। पिछले कुछ दिनों में तालिबान ने अफगानिस्तान के ज्यादातर हिस्सों पर कब्जा जमा लिया है। उसने कंधार, हेरात, मजार-ए-शरीफ और जलालाबाद जैसे शहरों समेत 34 में से 25 प्रांतीय राजधानियों पर कब्जा जमा लिया है।








